PM किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने किसानों से किया संवाद; बोले- प्राकृतिक खेती को दें बढ़ावा

जनपत की खबर , 35

लखनऊ/प्रयागराज। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शनिवार को ऑनलाइन माध्यम से जारी की गई। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रयागराज के सर्किट हाउस सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में किया गया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने योजना का लाभ प्राप्त करने वाले 15 प्रगतिशील किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली।

कार्यक्रम में विधायक फाफामऊ श्री गुरु प्रसाद मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, महानगर अध्यक्ष भाजपा श्री संजय गुप्ता, यमुनापार अध्यक्ष श्री राजेश शुक्ला, गंगापार अध्यक्ष श्रीमती निर्मला पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाना प्राथमिकता: डिप्टी सीएम

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार की कृषि संबंधी योजनाओं का उद्देश्य किसानों की आय और समृद्धि बढ़ाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को किसानों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जो पात्र किसान अभी तक योजना के लाभ से वंचित हैं, उन्हें चिन्हित कर योजना से जोड़ा जाए।

उन्होंने किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ लेने, दुग्ध विकास योजनाओं से जुड़ने, मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनवाने और मृदा परीक्षण के आधार पर फसल चयन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि फसलों को नुकसान होने पर किसान फसल बीमा योजना के माध्यम से क्षतिपूर्ति प्राप्त कर सकते हैं।

किसान जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाएं: केशव मौर्य

डिप्टी सीएम ने किसानों से रासायनिक खादों और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से बचने तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे भूमि की उर्वरता बनी रहेगी और उत्पादन क्षमता भी बेहतर होगी।

उन्होंने गंगा के कछार क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि बाढ़ के बाद यहां की मिट्टी स्वतः उपजाऊ हो जाती है, इसलिए इस क्षेत्र में रासायनिक खादों के प्रयोग की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने उप निदेशक कृषि को निर्देश दिए कि कछार क्षेत्र में हो रही खेती को प्राकृतिक खेती के रूप में वर्गीकृत कर किसानों को जागरूक किया जाए।

भूमाफियाओं पर कार्रवाई और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के निर्देश

उपमुख्यमंत्री ने बाढ़ के बाद कछार क्षेत्र में जमीनों पर अवैध कब्जा करने वाले सक्रिय भूमाफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को पीएम कुसुम योजना के तहत विद्युत चालित नलकूपों को सोलर पंप में परिवर्तित कराने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने लोगों से पीएम सूर्यघर योजना का लाभ लेने और सौर ऊर्जा से जुड़ने की अपील भी की।

कार्यक्रम में उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी सहित बड़ी संख्या में किसान और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top