निवेशकों को समय पर मिलेगी स्किल्ड मैनपावर: यूपी में ‘कौशल कनेक्ट सेल’ का गठन

जनपत की खबर , 63

लखनऊ, 18 फरवरी 2026।
उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने ‘कौशल कनेक्ट सेल’ का गठन किया है। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में निवेश करने वाले बड़े उद्योगों को उनकी आवश्यकतानुसार प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि निवेश परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से सफल हो सकें।
प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि प्रशिक्षण और रोजगार प्रक्रिया को तेज़ करने के लिए स्पीडअप-पीएमयू को मिशन से जोड़ा गया है। यह पीएमयू अब ‘कौशल कनेक्ट सेल’ के माध्यम से निवेशकों के साथ रियल-टाइम समन्वय स्थापित करेगा।
रियल-टाइम ट्रैकिंग और उद्योगों से सीधा समन्वय
‘कौशल कनेक्ट सेल’ केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं होगी, बल्कि जमीनी स्तर पर परिणाम देने वाली संरचना के रूप में कार्य करेगी। यह सेल इन्वेस्ट यूपी के साथ दैनिक समन्वय करते हुए स्वीकृत परियोजनाओं की स्थिति की रियल-टाइम ट्रैकिंग करेगी।
सेल प्रत्येक जिले में आने वाले निवेश और संबंधित सेक्टर—जैसे ऑटोमोबाइल, आईटी, टेक्सटाइल आदि—में आवश्यक मानव संसाधन का विस्तृत डाटाबेस तैयार करेगी। साथ ही निवेशकों के एचआर विभागों से निरंतर संपर्क रखते हुए प्रशिक्षण भागीदारों (TP/PIA) के माध्यम से प्रशिक्षित लेकिन बेरोजगार युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगार दिलाने का कार्य करेगी।
35 सेक्टर, 1300 से अधिक जॉब रोल्स में प्रशिक्षण
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि वर्तमान में मिशन द्वारा लगभग 35 सेक्टर्स और 1300 से अधिक जॉब रोल्स में युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ‘कौशल कनेक्ट सेल’ के सक्रिय होने से प्रशिक्षण और उद्योगों की मांग के बीच का अंतर समाप्त होगा तथा युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
नामित किए गए एसपीओसी
समन्वय को सुदृढ़ बनाने के लिए दोनों विभागों की ओर से एकल संपर्क सूत्र (SPOC) नामित किए गए हैं।
ओमैर शाहिद को इन्वेस्ट यूपी की ओर से टीम लीडर एसपीओसी बनाया गया है।
कौशल विकास मिशन की ओर से डॉ. पवित्रा टंडन सेल की अध्यक्षता करेंगी।
मिशन के एसपीओसी के रूप में अतुल कुमार सिंह नामित किए गए हैं।
टीम में सहयोग के लिए धनंजय कुमार द्विवेदी और ज्योति श्रीवास्तव को शामिल किया गया है।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। ‘कौशल कनेक्ट सेल’ की स्थापना प्रदेश में ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को मजबूती देगी और उत्तर प्रदेश को एक सशक्त ‘स्किल हब’ के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top