महाशिवरात्रि पर रश्मि खण्ड सिद्ध नागेश्वर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

जनपत की खबर , 99

लखनऊ। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राजधानी के रश्मि खण्ड शारदा नगर स्थित सिद्ध नागेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें मंदिर परिसर में देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं बेलपत्र अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार की गूंज रही। विशेष पूजा-अर्चना के साथ रुद्राभिषेक और शिव आराधना का आयोजन किया गया। स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचे।
महिलाओं और बच्चों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कई श्रद्धालु व्रत रखकर रामायण पाठ में शामिल हुए। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
मंदिर समिति द्वारा दर्शन-पूजन की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए लोगों की तैनाती की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महाशिवरात्रि के इस पर्व पर सिद्ध नागेश्वर मंदिर आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बना रहा, जहां  “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा।

Related Articles

Comments

Back to Top