सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत आज गोरखपुर पहुंचे, शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों की करेंगे समीक्षा

जनपत की खबर , 184

गोरखपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 14 फरवरी को तीन दिवसीय प्रवास पर गोरखपुर पहुंच रहे हैं। वे संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा संगठनात्मक बैठकों में शामिल होकर आगामी योजनाओं की रूपरेखा पर चर्चा करेंगे।
अपने प्रवास के दौरान डॉ. भागवत जिला, विभाग और प्रांत कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर शताब्दी वर्ष के अंतर्गत अब तक हुए कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे और आगे की कार्ययोजना पर मंथन करेंगे।
15 फरवरी: सामाजिक सद्भाव बैठक व प्रमुख जन गोष्ठी
15 फरवरी (रविवार) को सरसंघचालक सामाजिक सद्भाव बैठक को संबोधित करेंगे। इस बैठक में पूरे प्रांत से विभिन्न जाति एवं वर्गों के प्रतिनिधि तथा सामाजिक समरसता में सक्रिय भूमिका निभाने वाले प्रमुख लोग शामिल होंगे।
इसी दिन वे प्रमुख जन गोष्ठी में भी सहभागिता करेंगे, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों—शिक्षा, सेवा, व्यापार और सामाजिक संगठनों—से जुड़े गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
16 फरवरी: कार्यकर्ता बैठक व कुटुंब स्नेह मिलन
16 फरवरी को डॉ. मोहन भागवत कार्यकर्ताओं के साथ विशेष बैठक करेंगे। इसमें शताब्दी वर्ष के अब तक संपन्न कार्यक्रमों की समीक्षा तथा आगामी आयोजनों की विस्तृत योजना पर चर्चा की जाएगी।
इसी दिन वे संघ गोरखपुर विभाग द्वारा आयोजित ‘कुटुंब स्नेह मिलन’ कार्यक्रम में भी सम्मिलित होंगे।
कार्यक्रम स्थल
सभी कार्यक्रम तारामंडल स्थित बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित किए जाएंगे।
संघ पदाधिकारियों के अनुसार, यह प्रवास संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है और शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों को गति देने में सहायक सिद्ध होगा।

Related Articles

Comments

Back to Top