STF की बड़ी कार्रवाई: 3.70 कुन्तल गांजा के साथ अन्तर्राज्यीय गिरोह के 4 तस्कर गिरफ्तार, 92.50 लाख की खेप बरामद

जनपत की खबर , 96

लखनऊ। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को अन्तर्राज्यीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के विरुद्ध बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने 4 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 03.70 कुन्तल गांजा (अन्तर्राष्ट्रीय अनुमानित मूल्य लगभग 92.50 लाख रुपये) बरामद किया है।
गिरफ्तारी दिनांक 13 फरवरी 2026 को रात्रि 20:32 बजे थाना गोमतीनगर विस्तार, जनपद लखनऊ क्षेत्र में की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त
मयंक जायसवाल उर्फ सूरज, निवासी बाराबंकी
जीतू श्रीवास्तव उर्फ दद्दा, निवासी लखनऊ
पारितोष त्रिपाठी, निवासी इन्दिरानगर, लखनऊ
कुलदीप यादव, निवासी नालन्दा, बिहार
बरामदगी
03.70 कुन्तल गांजा (अनुमानित अंतर्राष्ट्रीय मूल्य 92.50 लाख रुपये)
ट्रक नं. NL-01-एए-0511
बिना नम्बर की काली स्कार्पियो
05 मोबाइल फोन
01 जियो वाई-फाई डोंगल
₹9,300 नकद
ऐसे रचते थे तस्करी की साजिश
एसटीएफ को पिछले कुछ दिनों से विभिन्न राज्यों से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की सूचनाएँ मिल रही थीं। पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में अभिसूचना संकलन किया गया।
सूचना मिली कि उड़ीसा (मलकानगिरी क्षेत्र) से बड़ी मात्रा में गांजा ट्रक के माध्यम से छत्तीसगढ़ होते हुए सुलतानपुर के रास्ते लखनऊ लाया जा रहा है। ट्रक के आगे बिना नम्बर की स्कार्पियो चलती थी, जिसमें बैठे लोग पुलिस चेकिंग की सूचना ट्रक चालक को देते थे।
एसटीएफ टीम ने शालीमार बंधा रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों वाहनों की तलाशी ली, जिसमें ट्रक की चेसिस में बनी गुप्त कैविटी से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
ट्रक चालक कुलदीप यादव ने बताया कि वे जीतू श्रीवास्तव के निर्देश पर उड़ीसा से 5 से 8 कुन्तल तक गांजा छिपाकर लाते थे। बिना बॉडी वाले ट्रेलर ट्रक की प्लेटफॉर्म में गुप्त स्थान बनाकर तस्करी की जाती थी, जिससे शक न हो।
जीतू श्रीवास्तव ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों—मयंक, पारितोष, रमन और जसवंत शर्मा उर्फ डोरेमॉन—के साथ मिलकर लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, गोण्डा, बहराइच आदि जिलों में मांग के अनुसार गांजा सप्लाई करता था। भुगतान क्लियर होने के बाद ड्राइवरों को उड़ीसा भेजा जाता था और माल लखनऊ पहुंचने पर अलग-अलग जिलों में सप्लाई किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, तस्करी से अर्जित धन से अन्य वाहन भी खरीदे गए हैं। मामले में आगे की छानबीन जारी है।
मुकदमा दर्ज
अभियुक्तों के विरुद्ध थाना गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ में मु०अ०सं० 28/2026 के तहत धारा 08/20/25/29/60(3) एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Comments

Back to Top