पायनियर मॉडल मॉन्टेसरी स्कूल में ‘बाल उत्सव 2.0’ का भव्य आयोजन, बच्चों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास को मिला नया मंच
जनपत की खबर Feb 10, 2026 at 06:20 PM , 22लखनऊ। पायनियर मॉडल मॉन्टेसरी स्कूल में “बाल उत्सव कार्यक्रम – प्रगति, स्वाभिमान और सफलता की ओर 2.0” का आयोजन अत्यंत उत्साह, गरिमा और प्रेरक वातावरण के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला समन्वयक बालिका शिक्षा, सुश्री सविता शुक्ला ने की, जबकि मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक, श्री श्याम किशोर तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर “मेरे बदलाव की कहानी” एवं “पोस्टर मेकिंग” प्रतियोगिताओं का जिला स्तरीय आयोजन किया गया। जनपद के विभिन्न विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने इन प्रतियोगिताओं में सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मकता, विचारशीलता और अभिव्यक्ति क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
दोनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पाँच–पाँच छात्र-छात्राओं का चयन मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, श्री विपिन कुमार द्वारा सभी विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। विजेता विद्यार्थियों के सुगमकर्ताओं (मार्गदर्शक शिक्षकों) को उनके योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
प्रतिभागी छात्र-छात्राओं एवं उनके अध्यापकों के लिए कार्यक्रम स्थल पर भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई। जिला स्तर पर चयनित छात्र-छात्राएं अब मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए और अधिक व्यापक मंच प्राप्त होगा।
यह बाल उत्सव कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वाभिमान, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक और प्रेरणादायी पहल के रूप में सफल रहा।


































Comments