लखनऊ में 29–30 जनवरी को राज्य स्तरीय दिव्यांग खेलकूद प्रतियोगिता, 9 जनपदों के 566 विद्यार्थी लेंगे भाग
जनपत की खबर Jan 29, 2026 at 01:35 PM , 119लखनऊ।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन एवं प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप के निर्देशानुसार राजधानी लखनऊ में दो दिवसीय राज्य स्तरीय दिव्यांग खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
यह प्रतियोगिता 29 एवं 30 जनवरी 2026 को मोहन रोड स्थित स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बालक इंटर कॉलेज में आयोजित होगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना, उनके आत्मविश्वास को सुदृढ़ करना तथा समाज में समानता, समावेशन और सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है।
राज्य स्तरीय इस आयोजन में 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। खेलकूद प्रतियोगिताओं के अंतर्गत 50 मीटर एवं 100 मीटर दौड़, शतरंज, क्रिकेट, खो-खो, नींबू रेस सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में गायन एवं चित्रकला को भी शामिल किया गया है।
इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 09 जनपदों से कुल 566 दिव्यांग विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
आज 29 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित उद्घाटन समारोह में प्रमुख सचिव, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, श्री सुभाष चंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।































Comments