विकास खंड स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दमखम, बसंतपुर विद्यालय ने जीती चैंपियनशिप
अन्य खबरे Oct 24, 2026 at 06:30 PM , 39विकास खंड माल की बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में यूपीएस बसंतपुर बना ओवरऑल चैंपियन
विधायक जयदेवी कौशल ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ, विभिन्न खेल स्पर्धाओं में बच्चों ने दिखाया दमखम
माल (लखनऊ)। ब्लॉक संसाधन केंद्र माल में शनिवार को विकास खंड स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती जयदेवी कौशल ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में विकास खंड के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में पूर्व माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर (यूपीएस बसंतपुर) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, लंबी कूद और दौड़ सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
दौड़ और लंबी कूद में खिलाड़ियों ने मारी बाजी
प्रतियोगिता की विभिन्न स्पर्धाओं में 400 मीटर और 200 मीटर दौड़ में शबनम और आदर्श गौतम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, 100 मीटर दौड़ में रंजीत यादव और शबनम विजेता रहे। लंबी कूद के बालक वर्ग में रियाज और बालिका वर्ग में काजल ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
अतिथियों का किया गया स्वागत
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि श्री राम कुमार राही, खंड शिक्षा अधिकारी श्री वंशीधर श्रीवास्तव और भारती एयरटेल फाउंडेशन के प्रोजेक्ट हेड श्री बृजेश भारद्वाज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रदीप सिंह, मंत्री जितेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष शकील खान तथा जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के मंत्री प्रमोद कुमार ने अतिथियों का बुके भेंट कर और माल्यार्पण करके स्वागत किया।
इस अवसर पर व्यायाम शिक्षक जितेंद्र पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एआरपी ज्ञान प्रताप सिंह ने किया।
प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य बच्चों में खेलों के प्रति रुचि विकसित करने, उनकी प्रतिभा को निखारने तथा अनुशासन, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

















_page-0001.jpg)




















Comments