UP PET 2026: करीब 37 लाख अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश

जनपत की खबर , 20

**लखनऊ।** उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (UP PET) 2026 को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और अभ्यर्थियों की सुविधाओं के संबंध में कड़े निर्देश दिए हैं। परीक्षा में करीब 37 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा गया है।
 
मुख्यमंत्री ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को फील्ड में मुस्तैद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने को कहा है।
 
**यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर**
 
परीक्षा के दौरान जाम की समस्या से निपटने के लिए अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का सर्वे कर सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन को ऐसी व्यवस्था करने को कहा गया है, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
 
**बसों और रेलवे के साथ समन्वय**
 
अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पर्याप्त बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे के साथ भी समन्वय बनाकर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है, ताकि परीक्षा के दौरान आवागमन में दिक्कत न हो।
 
**बाहरी अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था**
 
दूसरे जनपदों से परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों के लिए रैन बसेरों में सम्मानजनक ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन को परीक्षा के दौरान सुरक्षा, यातायात, परिवहन और ठहरने से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
 
**25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को परीक्षा**
 
UP PET 2026 की परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित होगी। करीब 37 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने के मद्देनजर प्रशासन के सामने परीक्षा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु ढंग से संपन्न कराने की बड़ी जिम्मेदारी है।

Related Articles

Comments

Back to Top