INDUS FOOD–2026 में उत्तर प्रदेश पवेलियन का भव्य उद्घाटन, कृषि निर्यात को मिलेगी नई रफ्तार: दिनेश प्रताप सिंह
अन्य खबरे Jan 08, 2026 at 06:06 PM , 92लखनऊ। प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने आज नोएडा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी INDUS FOOD–2026 के हॉल नंबर–8 में निदेशालय कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार द्वारा स्थापित उत्तर प्रदेश पवेलियन का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के निर्यात-योग्य कृषि एवं प्रसंस्कृत उत्पादों के प्रदर्शन का अवलोकन करते हुए निर्यातकों का उत्साहवर्धन किया।
उद्घाटन के पश्चात उद्यान मंत्री ने पवेलियन में प्रतिभाग कर रहे छह प्रमुख निर्यातकों के स्टॉलों का भ्रमण किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के 20 विशिष्ट भौगोलिक संकेतक (जीआई) उत्पादों पर आधारित विशेष गैलरी का भी गहन अवलोकन किया। मंत्री ने प्रदेश की विशिष्ट पहचान वाले इन उत्पादों की गुणवत्ता और प्रामाणिकता की सराहना करते हुए कहा कि वैश्विक बाजार में उत्तर प्रदेश के उत्पादों की मांग निरंतर बढ़ रही है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सशक्त ब्रांडिंग से प्रदेश के कृषि निर्यात को नई गति मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि INDUS FOOD–2026 में विश्व के 32 देशों के पवेलियन स्थापित किए गए हैं। इस मेगा इवेंट में 110 देशों से आए अंतरराष्ट्रीय आयातक और खरीदार भाग ले रहे हैं। भारत के भी लगभग 11 राज्यों ने अपने-अपने पवेलियन के माध्यम से अपनी निर्यात क्षमताओं का प्रदर्शन किया है। इन सभी के बीच उत्तर प्रदेश पवेलियन आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां प्रदेश की कृषि और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की व्यापक संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है।
इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न देशों के प्रतिनिधि तथा प्रमुख निर्यातक भी उपस्थित रहे।
उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि राज्य सरकार के इस प्रयास का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के निर्यातकों और उत्पादकों को सीधे वैश्विक खरीदारों से जोड़ना है। इससे न केवल कृषि निर्यात को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उत्पादों के प्रदर्शन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।



























Comments