पत्रकारों की पेंशन व सुरक्षा पर विधायक राजेश्वर सिंह का आश्वासन, मीडिया सेंटर में हुआ संवाद

जनपत की खबर , 128

लखनऊ। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारों की सामाजिक, आर्थिक एवं पेशेवर चुनौतियों को लेकर सरोजिनी नगर विधायक राजेश्वर सिंह ने एक बार फिर संवेदनशील और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि होने का परिचय दिया। लाल बहादुर शास्त्री भवन एनेक्सी स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पत्रकारों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के संयोजक प्रभात त्रिपाठी के आमंत्रण पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। पत्रकारों ने विधायक राजेश्वर सिंह का गर्मजोशी एवं उत्साहपूर्वक स्वागत किया। स्वागत उपरांत संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने पत्रकारों से जुड़े वर्षों से लंबित मुद्दों—पत्रकार पेंशन व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा तथा पत्रकार सुरक्षा कानून—को क्रमवार विधायक के समक्ष रखा।
पत्रकारों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए विधायक राजेश्वर सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पत्रकार समाज की आवाज होते हैं और उनके हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पत्रकार पेंशन के मुद्दे पर वह स्वयं माननीय मुख्यमंत्री से अनुरोध करेंगे और एक ठोस प्रस्ताव उनके समक्ष प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पत्रकारों की भूमिका और योगदान को भली-भांति समझते हैं और इस दिशा में सकारात्मक निर्णय अवश्य लिया जाएगा।
विधायक ने कहा कि पत्रकारों की समस्याएं केवल मांग नहीं हैं, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती से सीधे तौर पर जुड़ा विषय हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि वह पत्रकारों के हर न्यायोचित मुद्दे पर उनके साथ खड़े रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर शासन स्तर तक निरंतर प्रयास करते रहेंगे। उनका यह आश्वासन पत्रकार समुदाय के लिए नई उम्मीद और विश्वास का संदेश लेकर आया।
स्वागत समारोह के दौरान विधायक राजेश्वर सिंह को अंगवस्त्र पहनाकर, पुष्पगुच्छ एवं श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर सम्मानित किया गया। विधायक ने भी इस अवसर पर सरोजिनी नगर की विकासात्मक उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक “प्रगति की डगर—सरोजिनी नगर” एवं डायरी पत्रकारों को वितरित की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पत्रकारों ने विधायक को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में पत्रकार पेंशन तथा पत्रकार सुरक्षा कानून जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ठोस और सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। यह मुलाकात पत्रकार समुदाय के लिए न केवल संवाद का मंच बनी, बल्कि भविष्य की संभावनाओं का शुभ संकेत भी साबित हुई।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार उमेश चंद मिश्रा, सुशील दुबे, अजय वर्मा, अजीत कुमार सिंह, रवि शंकर उपाध्याय, संजय धीमान, प्रदीप उपाध्याय, जेड. ए. सिद्दीकी, अविनाश राय, राजेश मिश्रा, अमन अग्रवाल, समीर (शाहनवाज), उमाकांत बाजपेई, शशिनाथ दुबे, त्रिनाथ शर्मा, अरुण शर्मा सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top