*मंडी समिति की सड़क 8 दिन में उखड़ी, गिट्टियां उड़ने का वीडियो वायरल*

लखीमपुर खीरी , 0

*मोहम्मदी, खीरी।* विकास खंड मोहम्मदी के बरवर मुख्य मार्ग से ग्राम पंचायत गदमापुर को जोड़ने वाली सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। मंडी समिति द्वारा लाखों की लागत से बनाई गई यह सड़क निर्माण के महज आठ दिन बाद ही उखड़ने लगी है। गिट्टियां और डामर हवा में उड़ रहे हैं, जिससे पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील होने लगी है।  

ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को आपस में जोड़ती है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार और संबंधित जेई की मिलीभगत से निर्माण में मानकों को पूरी तरह दरकिनार किया गया। घटिया सामग्री के इस्तेमाल के कारण ही सड़क एक सप्ताह भी नहीं टिक सकी।  

वीडियो वायरल होने के बाद भी अब तक धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने पूरी सड़क के नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण की मांग की है।  

*अधिकारियों का रवैया उदासीन:* इस मामले में जब अधिकारियों से संपर्क किया गया तो उनका रुख सुस्त नजर आया। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने फोन पर केवल इतना कहा, "ठीक है, अभी मामले को दिखवा रहे हैं।" मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक प्रकाश और उपजिलाधिकारी मोहम्मदी ने फोन रिसीव नहीं किया।  

क्षेत्रीय जनता ने शासन और उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी ठेकेदार और जेई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Comments

Back to Top