*जटपुरवा में बी-पैक्स का उद्घाटन, 300 से अधिक किसान रहे मौजूद*
लखीमपुर खीरी May 14, 2026 at 09:30 PM , 1*जिला सहकारी बैंक की शाखा खोलने की मांग, अध्यक्ष विनीत मनार ने दिया जल्द खोलने का आश्वासन*
(मनोज मिश्र/केके शुक्ला)
*धौरहरा/लखीमपुर।* विकास खंड रमियाबेहड़ की नवगठित बी-पैक्स जटपुरवा का शनिवार को भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा अवध क्षेत्र अध्यक्ष कमलेश मिश्रा और विशिष्ट अतिथि विधायक विनोद शंकर अवस्थी रहे। उद्घाटन समारोह में 300 से अधिक किसान शामिल हुए।
*ये रहे मौजूद:* कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक लिमिटेड लखीमपुर खीरी के अध्यक्ष विनीत मनार पटेल ने की। इस दौरान सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता रजनीश प्रताप सिंह, एडीसीओ धौरहरा मोहम्मद जुल्फिकार अली, पूर्व ब्लाक प्रमुख विवेक मनार, जिला पंचायत सदस्य सुनील वर्मा, डीजीएम मनोज पांडेय, खंड विकास अधिकारी श्रद्धा गुप्ता, प्रधान अखिलेश वर्मा, बी-पैक्स जटपुरवा अध्यक्ष अमित कुमार और सचिव शुभम श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
*किसानों को मिली जानकारी:* एआरसीएस ने किसानों को सहकारिता के लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी दी और अधिक से अधिक किसानों को समिति से जुड़ने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि समिति में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देश पर सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। जो किसान सदस्य नहीं हैं वे तुरंत सदस्यता ग्रहण कर लें। सदस्य बनने पर ही खाद उपलब्ध होगी। फिंगरप्रिंट के जरिए यह पता चल जाएगा कि किसान कितनी खाद ले चुका है।
*3% पर लोन और सस्ती दवा का वादा:* एआर कोऑपरेटिव ने कहा कि सदस्य किसानों को 3% ब्याज पर लोन उपलब्ध कराया जाएगा। आने वाले समय में सोसायटी के माध्यम से डॉक्टर से ऑनलाइन संपर्क कर सस्ती दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उर्वरक का भंडारण न करने की अपील करते हुए कहा कि समय-समय पर खाद उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।
*बैंक शाखा की मांग:* किसानों ने उपस्थित अधिकारियों से जटपुरवा में जिला सहकारी बैंक की शाखा खोलने की मांग की। इस पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष विनीत मनार ने किसानों को जल्द ही जटपुरवा में शाखा खोलने का आश्वासन दिया। एडीसीओ ने कहा कि कृषक बंधु जिला सहकारी बैंक में खाता अवश्य खुलवाएं, जिससे बहुत कम ब्याज पर ऋण आसानी से मिल सके।
*क्या बोले अतिथि:*
- *कमलेश मिश्रा, अवध क्षेत्र अध्यक्ष:* सोसायटी के उद्घाटन पर कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में लखीमपुर-खीरी लगातार नंबर एक और दो पर रहा है।
- *विनीत मनार, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक:* कहा कि जिले में 32 सोसायटी हैं, जिसमें जटपुरवा भी शामिल है। आने वाले समय में सोसायटी से किसानों को तमाम तरह की सुविधाएं मिलेंगी।
- *विधायक विनोद शंकर अवस्थी:* कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करते हुए सहकारी समितियां लगातार खुल रही हैं। मिलकर काम करने से तरक्की होगी। जनता ने विधायक बनाया, इसके लिए धन्यवाद। निरंतर विकास के लिए प्रयास करता रहूंगा।
- *बी-पैक्स अध्यक्ष अमित वर्मा:* कहा कि जो जिम्मेदारी मिली है उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा। किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होने देंगे।
- *प्रधान अखिलेश वर्मा:* बताया कि समिति गठन के समय गोदाम की व्यवस्था नहीं थी। ग्राम पंचायत का खाली भवन कागजी प्रक्रिया पूरी कर किराए पर ले लिया गया है।
*कैंप लगाने का ऐलान:* डीजीएम मनोज पांडेय ने बताया कि सदस्यता के लिए कैंप लगाए जा रहे हैं। अगर किसान चाहें तो गांव-गांव में भी कैंप लगाए जाएंगे। किसानों को मंच से अपनी बात रखने का अवसर भी दिया गया।































Comments