देवर्षि नारद प्राकट्य दिवस पर मीडिया की भूमिका पर हुई विचार गोष्ठी

लखीमपुर खीरी , 53

लखीमपुर खीरी। जिला सहकारी बैंक सभागार में रविवार को आद्य पत्रकार देवर्षि नारद जी प्राकट्य दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता, समाज जागरण और लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को लेकर विचार गोष्ठी आयोजित हुई। साथ ही जिले के पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सह संयोजक राकेश मिश्र, अध्यक्ष नंद कुमार मिश्र, दिल्ली से आए वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र सिंह भदौरिया, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संचालक अवधेश गुप्ता तथा विभाग प्रचारक अभिषेक द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया गया।
मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र सिंह भदौरिया ने अपने संबोधन में पत्रकारिता के वर्तमान स्वरूप और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज के समय में कई राजनीतिक दल पत्रकारिता की मूल परिभाषा को बदलने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन पत्रकार का दायित्व सत्ता या दल विशेष के दबाव से ऊपर उठकर समाज के सामने सत्य प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि सच बोलने के लिए साहस चाहिए और झूठ बोलने के लिए कला चाहिए। बिना साहस के कलम से सच्चाई नहीं निकल सकती। 
विचार गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और समाज में जागरूकता फैलाने में उसकी भूमिका अत्यंत अहम है। वक्ताओं ने निष्पक्ष और सकारात्मक पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पत्रकारों को सम्मानित किया गया। मंच से पत्रकारों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट राजीव कुमार तिवारी अन्नू ने किया। अंत में कार्यक्रम के अध्यक्ष नंद कुमार मिश्रा ने अपने उद्बोधन में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ हुआ।

Related Articles

Comments

Back to Top