निघासन की बिटिया ने रचा इतिहास: 35 किमी का सफर तय कर ICSE में 97.6% के साथ जिले में चौथा स्थान

लखीमपुर खीरी , 38

निघासन (खीरी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर निघासन की होनहार बेटी सानवी वर्मा ने वह कर दिखाया है, जिस पर पूरे जिले को गर्व है। रोजाना 35 किलोमीटर का लंबा सफर तय कर पलिया स्थित सेंट एन कॉलेज में पढ़ने वाली सानवी ने ICSE बोर्ड की 10वीं परीक्षा में 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में चौथा स्थान प्राप्त किया है।
सानवी की इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और जिले का मान बढ़ाया है। उनके पिता रजनीश वर्मा, जो निघासन में वर्मा लोहा भंडार के प्रोपराइटर हैं, उन्होंने बताया कि सानवी शुरू से ही पढ़ाई के प्रति बेहद गंभीर और मेहनती रही हैं। वह रोज सुबह बस से पलिया जाती हैं और स्कूल से लौटने के बाद पूरा समय पढ़ाई और होमवर्क में लगाती हैं।
सानवी का सपना है कि वह आगे चलकर कंप्यूटर इंजीनियर बनें। उनकी बड़ी बहन भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं, जिससे परिवार में शिक्षा का माहौल और मजबूत हुआ है।

परिवार का मिला पूरा सहयोग

अपनी सफलता का श्रेय सानवी ने अपने पिता, मां वंदना वर्मा और नाना सतीश कुमार सिंह को दिया। सानवी ने बताया कि उनकी मां का योगदान सबसे ज्यादा रहा है—जो रोज सुबह उन्हें बस तक छोड़ने जाती हैं, पढ़ाई में मदद करती हैं और नियमित रूप से टेस्ट लेकर उनकी तैयारी को मजबूत बनाती हैं।
वहीं उनके नाना हमेशा उनका हौसला बढ़ाते रहे और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करते रहे।
सानवी की यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो दूरी और मुश्किलें भी रास्ता नहीं रोक सकतीं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे निघासन क्षेत्र में खुशी की लहर है और हर कोई इस होनहार बेटी की सराहना कर रहा है।

Related Articles

Comments

Back to Top