तेंदुए का खूनी हमला चारा लेने गए 14 वर्षीय किशोर की मौत, इलाके में दहशत और ग्रामीणों में आक्रोश
लखीमपुर खीरी May 04, 2026 at 06:55 PM , 33बिजुआ (खीरी)। भीरा क्षेत्र में तेंदुए का आतंक लगातार जानलेवा होता जा रहा है। रामनगर कला गांव में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां नदी किनारे चारा लेने गए 14 वर्षीय किशोर पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किशोर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान संदीप पुत्र शेषपाल, निवासी रामनगर कला के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, संदीप रोज की तरह जानवरों के लिए चारा लेने नदी किनारे गया था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने उस पर पीछे से हमला कर दिया। हमले की भनक लगते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह तेंदुए को भगाया और खून से लथपथ संदीप को तुरंत घर लाया। हालत नाजुक देख परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन गंभीर चोटों के चलते डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम और डर का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में कई दिनों से तेंदुआ सक्रिय है और लगातार मवेशियों व लोगों पर हमले कर रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद वन विभाग की टीम ने न तो तेंदुए को पकड़ने की ठोस कोशिश की और न ही इलाके में सुरक्षा के इंतजाम किए।
गुस्साए ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल, गांव में दहशत का माहौल है और लोग अपने बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर रहे हैं।































Comments