ट्रक की तेज हेडलाइट बनी हादसे की वजह, बाइक सवार युवक गंभीर घायल
लखीमपुर खीरी May 04, 2026 at 06:52 PM , 28बिजुआ (खीरी)। थाना गोला क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात करीब 11 बजे नहर के पास हुआ, जहां सामने से आ रहे ट्रक की तेज रोशनी के चलते बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई।
घायल युवक की पहचान अभिषेक अवस्थी निवासी पिपरिया गंगा, थाना गोला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी जरूरी काम से घर से गोला की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक की तेज हेडलाइट उसकी आंखों पर पड़ी, जिससे वह संतुलन खो बैठा और बाइक सड़क किनारे गिर गई।
हादसे में अभिषेक के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल लखीमपुर रेफर कर दिया।
परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उसे निजी वाहन से शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नहर के पास सड़क संकरी है और रात में वाहनों की तेज रोशनी के कारण अक्सर इस तरह के हादसे होते रहते हैं। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई की बात कही है।































Comments