लेनदेन का विवाद बना जानलेवा ढाबा संचालक ने जहर खाया, साझेदार ने भी किया आत्मघाती प्रयास का दावा

लखीमपुर खीरी , 26

बिजुआ (खीरी)। भीरा थाना क्षेत्र में पैसों के लेनदेन का विवाद अब गंभीर रूप ले चुका है। बस्तौला चौराहे पर स्थित विष्णु ढाबा के संचालक विष्णु कश्यप ने सोमवार को कथित रूप से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, दूसरे पक्ष के रोहित शर्मा ने भी 2 मई को आत्मघाती कदम उठाने का दावा किया है।
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि विष्णु कश्यप ने जहर खाने से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने कुछ लोगों पर पैसे लेकर वापस न करने का आरोप लगाया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिजुआ ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इसी मामले में रामनगर कला निवासी सोनू पुत्र राम कुमार ने थाना भीरा में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके भाई विशाल कुमार उर्फ विष्णु की होटल पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है और करीब 7,45,000 रुपये भी हड़प लिए हैं। आरोप है कि पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिसके चलते विष्णु दुकान पर जाने से डर रहा था।
दूसरे पक्ष का पक्ष
वहीं, रोहित शर्मा का कहना है कि उसने और विष्णु कश्यप ने साझेदारी में एक फर्म शुरू की है, जिसमें दोनों बराबर के भागीदार हैं। उनके अनुसार, दोनों का पैसा उसी फर्म में निवेश किया गया है और काम जल्द शुरू होना था। रोहित का आरोप है कि काम शुरू होने से पहले ही विष्णु पैसे वापस मांग रहे थे और दबाव बना रहे थे। इससे मानसिक तनाव में आकर उसने भी आत्मघाती कदम उठाया था।
पुलिस क्या कह रही है
चौकी इंचार्ज सुशील तिवारी के अनुसार, मामला प्रथम दृष्टया पैसों के लेनदेन से जुड़ा प्रतीत होता है। एक पक्ष की तहरीर मिल चुकी है और वायरल वीडियो समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के दावों की गहनता से जांच कर रही है।
फिलहाल, विष्णु कश्यप जिला अस्पताल में भर्ती हैं, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर बताई है।

Related Articles

Comments

Back to Top