महिला के खेत से पेड़ चोरी, विरोध करने पर दबंग पड़ोसी ने दी जान से मारने की धमकी
लखीमपुर खीरी May 03, 2026 at 05:47 PM , 20लखीमपुर खीरी। जनपद के खीरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जगसड़ में एक महिला किसान के खेत से बेशकीमती पेड़ चोरी होने और विरोध करने पर दबंग पड़ोसी द्वारा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाना प्रभारी को पत्र सौंपकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।ग्राम जगसड़ निवासी पीड़िता राधा देवी (पुत्री स्वर्गीय धर्मदत्त) के अनुसार, उनके खेत में सेमर के दो कीमती पेड़ लगे हुए थे। आरोप है कि करीब एक सप्ताह पूर्व पड़ोसी राजेश (पुत्र हीरालाल) ने चोरी-छिपे एक पेड़ काटकर बेच दिया था। उस समय स्थानीय पुलिस, ग्राम प्रधान और लेखपाल की मौजूदगी में हुई पैमाइश में पेड़ राधा देवी के खेत में ही पाया गया, जिसके बाद आरोपी ने ₹8,000 का मुआवजा देकर समझौता कर लिया था।
दोबारा चोरी और मारपीट की धमकी
समझौते के बावजूद आरोपी के हौसले बुलंद हैं। आरोप है कि 30 अप्रैल 2026 की रात को राजेश ने पीड़िता के खेत से दूसरा पेड़ भी चोरी से काट लिया। जब राधा देवी ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, गंदी गालियां दीं और दोबारा शिकायत करने पर गांव से भगा देने व जान से मारने की धमकी दी।
कार्रवाई की मांग
पीड़िता राधा देवी का कहना है कि वह एक बेबस महिला हैं और दबंग आरोपी की धमकियों से अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर अत्यंत भयभीत हैं। उन्होंने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी राजेश के खिलाफ चोरी और धमकी देने की सुसंगत धाराओं में तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।































Comments