*भीषण अग्निकांड से 66 घर राख, 115 परिवार प्रभावित*

लखीमपुर खीरी , 56

*-डीएम- विधायक पहुंचे गांव, पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री; हरसंभव मदद का भरोसा*

लखीमपुर खीरी, 23 अप्रैल। गोला गोकर्णनाथ तहसील के ब्लॉक बिजुआ स्थित ग्राम अमरपुर मजरा गोगांवा में गत दिवस भीषण अग्निकांड ने तबाही मचा दी। आग की चपेट में आकर 66 घर जलकर राख हो गए, जिससे 115 परिवार बुरी तरह प्रभावित हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया।

*डीएम- विधायक पहुंचे मौके पर, पीड़ितों का जाना हाल*
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और विधायक अमन गिरी मौके पर पहुंचे। दोनों ने प्रभावित परिवारों से मिलकर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान पीड़ितों को तत्काल खाद्यान्न सामग्री भी वितरित की गई।

*प्रशासन सख्त, राहत कार्य तेज करने के निर्देश*
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने तहसील प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि मा. मुख्यमंत्री की मंशानुरूप कोई भी प्रभावित परिवार शासन द्वारा अनुमन्य सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि राहत एवं पुनर्वास कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने पीड़ितों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा शासन-प्रशासन आपके साथ खड़ा है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

*मौके पर जुटी रही प्रशासनिक टीम*
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख बिजुआ, एसडीएम गोला प्रतीक्षा त्रिपाठी, तहसीलदार भीम चंद्र सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों में जुटे रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top