*पलिया के मेला गेट चौराहे पर रोजाना जाम से लोग परेशान, ठेलों के अतिक्रमण से बढ़ी दिक्कत*

लखीमपुर खीरी , 23

*पलिया कलां, लखीमपुर खीरी।* नगर का सबसे व्यस्त मेला गेट चौराहा इन दिनों अव्यवस्था का शिकार बना हुआ है। चौराहे के ठीक सामने बीच सड़क पर लगने वाले ठेलों और फेरी वालों के कारण आए दिन भीषण जाम की स्थिति पैदा हो रही है, जिससे आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।  

सुबह स्कूल के समय और शाम के व्यस्त घंटों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। जाम के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दोपहिया-चार पहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर अतिक्रमण की वजह से कई बार वाहन फंस जाते हैं और लंबी कतारें लग जाती हैं।  

सूत्रों के मुताबिक, इस अव्यवस्था के चलते कई लोग सड़क पर गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। बावजूद इसके, जिम्मेदार विभाग और नगर प्रशासन अब तक इस समस्या से अनजान बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों में प्रशासन की उदासीनता को लेकर रोष बढ़ता जा रहा है।  

नागरिकों की मांग है कि मेला गेट चौराहे से अवैध रूप से लगने वाले ठेलों को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु किया जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके और स्कूली बच्चों समेत आम लोगों को राहत मिल सके।

Related Articles

Comments

Back to Top