रेल फाटक बंद होने से किसानों में आक्रोश, 40 किमी घूमकर खेत पहुंचने को मजबूर
लखीमपुर खीरी Apr 19, 2026 at 05:50 PM , 20पलिया (खीरी)। पलिया-भीरा मार्ग पर ग्राम मटेहिया में रेलवे विभाग द्वारा समपार फाटक बंद किए जाने से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। हालात ऐसे हैं कि किसानों को अपने ही खेतों तक पहुंचने के लिए करीब 40 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की भारी बर्बादी हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भारतीय किसान मजदूर यूनियन (सिंघानिया) के बैनर तले धरना-प्रदर्शन भी किया गया था। उस दौरान मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर 15 अप्रैल से ग्रामीण एक बार फिर धरने पर बैठे हुए हैं। रविवार को धरने का पांचवां दिन भी जारी रहा, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।
यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.के. सिंघानियां ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही फाटक नहीं खोला गया तो आगामी एक मई से रेलवे ट्रैक और सड़कों पर चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके लिए पूरी जिम्मेदारी रेलवे विभाग और स्थानीय प्रशासन की होगी।
धरने में शामिल किसानों और कार्यकर्ताओं ने आंदोलन को और तेज करने की बात कहते हुए शारदा नदी में जल समाधि लेने जैसी कड़ी चेतावनी भी दी है, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया है।































Comments