ऑनलाइन शिकायत का समय पर निस्तारण नहीं, लेखपाल पर गुमराह करने का आरोप - पीड़ित ने डीएम से लगाई जांच की गुहार
लखीमपुर खीरी Apr 17, 2026 at 06:17 PM , 91लखीमपुर-खीरी। तहसील सदर के ग्राम बुढ़नापुर मजरा फार्म में स्थित गाटा संख्या 443 की चौहद्दी गलत दर्शाने और ऑनलाइन शिकायत का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण न करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ने क्षेत्रीय लेखपाल पर गुमराह करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पीड़ित शारिक हुसैन पुत्र स्व. अनवर हुसैन, निवासी मोहल्ला प्यारेपुर, ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि विकास खंड फूलबेहड़ के ग्राम पंचायत महेवा के ग्राम बुढ़नापुर में गाटा संख्या 443, रकबा 0.218 हेक्टेयर राजस्व अभिलेखों में बंजर भूमि के रूप में दर्ज है।इस गाटे की चारों दिशाओं की यथास्थिति जानने के लिए पीड़ित ने 16 फरवरी 2026 को उप जिलाधिकारी सदर को ऑनलाइन शिकायत संख्या 40015326006969 दर्ज की थी। आरोप है कि दो माह बाद 15 अप्रैल 2026 को शिकायत का निस्तारण बिना पीड़ित से संपर्क किए, बिना सुनवाई और बिना स्थलीय निरीक्षण की सूचना दिए कर दिया गया। पीड़ित का कहना है कि निस्तारण में लगाई गई आख्या तथ्यहीन एवं भ्रामक है। दर्शाई गई चौहद्दी पुराने नक्शे और राजस्व अभिलेखों के विपरीत है। आख्या मानकों को ताक पर रखकर तैयार की गई है। शिकायत के निस्तारण में पुनः स्मरण का विकल्प भी उपलब्ध नहीं कराया गया।
*लेखपाल की भूमिका संदिग्ध*
प्रार्थना-पत्र में क्षेत्रीय लेखपाल की भूमिका को संदिग्ध बताया गया है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि यह कृत्य गाटा संख्या 431 के भू-स्वामियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है। पीड़ित ने बताया कि उसने पुनः ऑनलाइन शिकायत संख्या 40015326017511 दर्ज की। इसके बाद जिलाधिकारी को भी ऑनलाइन शिकायत संख्या 40015326017526 भेजी गई।
पीड़ित ने डीएम से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं गंभीर जांच कराकर पुराने राजस्व नक्शों के आधार पर गाटा संख्या 443 की सही चौहद्दी निर्धारित कराई जाए तथा दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।































Comments