*आंधी ने छीना सहारा, योगी सरकार बनी संबल : प्रभारी मंत्री ने पीड़ित परिवार को थमाए राहत के चेक, बच्चों की पढ़ाई से महिला सशक्तिकरण तक मदद का भरोसा*

लखीमपुर खीरी , 2

*प्राकृतिक आपदा में उजड़ा आशियाना, राहत लेकर गांव पहुंचे प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल*

*सीएम के निर्देश पर गांव पहुंचे प्रभारी मंत्री, परिजनों को बंधाया ढांढस*

लखीमपुर खीरी, 15 मई। मितौली तहसील के ग्राम जमुनिया कढ़ीले में 13 मई की रात आई तेज आंधी और बारिश ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। मकान की छत भरभराकर गिरी और उसके नीचे दबकर 40 वर्षीय रतिराम पुत्र दीना की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री के निर्देश पर गांव पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और सरकारी सहायता का भरोसा दिया।

गांव पहुंचे प्रभारी मंत्री ने पूर्व सांसद जुगुल किशोर, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और डीएम अंजनी कुमार सिंह की मौजूदगी में मृतक की पत्नी और बच्चों को चार लाख रुपये की दैवीय आपदा सहायता, 6500 रुपये गृह अनुदान का डेमो चेक सौंपा। साथ ही खाद्यान्न किट देकर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। गांव में मंत्री के पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। परिजनों की आंखें नम थीं तो प्रशासनिक अमला राहत पहुंचाने में जुटा नजर आया।

प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि बीते दिनों आई तेज आंधी-बारिश ने जमुनिया कढ़ीले गांव के एक परिवार का सहारा छीन लिया। हादसे में रतिराम की मौत बेहद दुखद है। मुख्यमंत्री के तत्काल संज्ञान लेने के बाद वह स्वयं पीड़ित परिवार तक पहुंचे हैं, ताकि सरकारी मदद बिना देरी के उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता, कृषि पट्टा समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि ऐसी त्रासदी का दर्द वही परिवार समझ सकता है, जिसने अपना कमाने वाला सदस्य खोया हो। सरकार सिर्फ आर्थिक मदद तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बच्चों की पढ़ाई और महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष ध्यान देगी।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित हर परिवार तक मुख्यमंत्री के नेतृत्व में तेजी से राहत पहुंचाई जा रही है। आगे भी पीड़ित परिवार को जो भी जरूरत होगी, सरकार हर स्तर पर उनके साथ खड़ी मिलेगी।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि परिवार को दैवीय आपदा मद से चार लाख रुपये, गृह अनुदान, कृषक दुर्घटना बीमा योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, पारिवारिक लाभ योजना, निराश्रित महिला पेंशन सहित सीएम बाल सेवा योजना के अंतर्गत दोनों बच्चों का नामांकन कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से कृषि पट्टा भी उपलब्ध कराया जाएगा।

इस दौरान एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी पश्चिमी अमित कुमार राय, एसडीएम मधुसूदन गुप्ता, प्रभारी तहसीलदार दिनेश कुमार बीडीओ मोहित कौशिक समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top