नाबालिग का शव झाडियों में देख ग्रामीणों ने किया हंगामा
जनपत की खबर Jan 01, 2023 at 06:25 PM , 333लखनऊ । होमगार्ड की 14 साल की बेटी की हत्या कर शव घर से 100 मीटर की दूरी पर झाड़ियों में फेंक दिया गया। नाबालिग अपने घर से किसी काम के लिए निकली थी। जब बहुत देर तक वो घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। तभी उनको बेटी का शव मिलने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है, बच्ची के शरीर पर चोट के हल्के निशान हैं। उसके गले पर भी घाव है। मामला बीकेटी क्षेत्र का है। बच्ची का शव रविवार सुबह 10 बजे के करीब मिला है। मामले में बच्ची के पिता का कहना है, उसकी बेटी सुबह घर से शौच क्रिया के लिए निकली थी। उसने 10 मिनट में घर वापस आने की बात कही थी लेकिन करीब 20 मिनट तक वो घर वापस नहीं आई। घर पर हम लोग उसका इंतजार कर रहे थे। बहुत देर होने पर हम लोग उसकी तलाश के लिए निकले। गांव के लोगों को भी उसकी तलाश करने के लिए कहा। करीब 15 मिनट बाद एक गांव वाले ने बताया, तुम्हारी बेटी का शव झाड़ियों में पड़ा हुआ है। हम लोग मौके पर पहुंचे तो बेटी का शव सामने पड़ा हुआ था। उसके शरीर पर थोड़े चोट के निशान थे। लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी तो वो डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पिता ने कहा मेरी बेटी को मारने वाले लोगों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। हमारी तो किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है फिर पता नहीं कौन मेरी बेटी को मार गया। वहीं शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। गांव के लोग पुलिस की कार्रवाई से नाराज थे। उनका कहना था, इतना बड़ा अपराध होने के बाद भी पुलिस इतनी देर में आई। विवाद ज्यादा बढ़ने पर डीसीपी आबिद कासिम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बहुत मुश्किल से उन लोगों ने सभी को शांत करवाया। मामले में डीसीपी ने बताया, परिवार की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि रेप हुआ कि नहीं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।































Comments