2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी, प्रदर्शन कर दिखाई ताकत,मुद्दाें पर सरकार को घेरा

जनपत की खबर , 353

लखनऊ। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को जन समस्याओं के मुद्दे पर प्रदेश भर की तहसीलों में प्रदर्शन कर अपनी ताकत का अहसास कराया। सपा ने पंचायत चुनाव में धांधली सहित जन समस्याओं से जुड़े 16 ऐसे मुद्दों को विरोध-प्रदर्शन के लिए चुना जिससे आमजनों का जुड़ाव पार्टी से हो सके। महंगाई के विरोध में सपा नेताओं ने कहीं सिलेंडर लेकर प्रदर्शन किया तो कहीं बैलगाड़ी चलाकर विरोध जताया। कई स्थानों पर कार को साइकिलों से खींचकर अपने गुस्से का इजहार किया। कई जिलों में पुलिस के साथ सपा नेताओं की नोकझोंक भी हुई।सपा ने इस प्रदर्शन के जरिये अपने नेताओं व कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर दिया है। पार्टी का आरोप है कि जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख के चुनाव में भाजपा सरकार ने न सिर्फ धांधली कराई बल्कि लोकतंत्र की हत्या कर दी है। इस मामले की जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कर फिर से मतदान कराने की मांग की गई। सपा ने राष्ट्रपति को संबोधित 16 सूत्री ज्ञापन भी जिलाधिकारियों को सौंपा।सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि ज्ञापन में किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने व न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी देने, गन्ना किसानों का लगभग 15 हजार करोड़ रुपये का तत्काल भुगतान करने, कृषि कानूनों को वापस लेने, बढ़ती महंगाई पर रोक लगाने की मांग की गई है। सपा ने बेरोजगार नौजवानों को रोजगार देने, ध्वस्त कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने, महिलाओं के साथ हो रहे अपराध पर रोक लगाने, सांसद आजम खां व उनके परिवार सहित पार्टी के अन्य नेताओं का उत्पीडऩ बंद करने व फर्जी मुकदमें वापस लेने की भी मांग की।

Related Articles

Comments

Back to Top