मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने देखा प्रजेंटेशन
हेडलाइंस Jul 08, 2021 at 09:54 PM , 403लखनऊ ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लंबे वक्त से जनसंख्या नियंत्रण के पैरोकार रहे हैं। माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में नई जनसंख्या नीति में इसका असर दिखाई देगा। आज राजधानी लखनऊ में लोक भवन में उत्तर प्रदेश जनसंख्या नीति 2021-30 के सम्बन्ध में प्रजेंटेशन दिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से जनसंख्या को नियंत्रित करना आवश्यक है।
*बढ़ती जनसंख्या पर नियंत्रण जरूरी*
दरअसल देश के कई राज्यों में दो बच्चों क नीति लागू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जनसंख्या नियंत्रण के पक्षधर हैं। आज हुई प्रजेंटेशन मीटिंग के बाद उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिये जनसंख्या वृद्धि की दर को नियंत्रित करना जरूरी है। जनसंख्या को नियंत्रित करके बेहतर कल की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित नीति में जनसंख्या वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण विषय पर जनसामान्य को जागरूक किये जाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
*जागरूकता कार्यक्रम चलाएं*
इसके लिए सतत कार्यक्रम चलाए जाएं। सीएम आदित्यनाथ ने आगे कहा, लोगों को बताया जाए कि छोटा परिवार ही खुशहाली का आधार है। जनघनत्व कम होने से लोगों को बेहतर पर्यावरण मिल सकेगा। स्वस्थ समाज की स्थापना के लिए जनसंख्या का स्थिरीकरण अत्यन्त आवश्यक है। बढ़ती जनसंख्या को रोककर समाज की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा किया जा सकता है।
*राज्यमंत्री और अफसर रहे*
बैठक में स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एमएसएमई नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा आलोक कुमार, सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अर्पणा यू और सूचना निदेशक शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे ।।






























Comments