उत्तर प्रदेश पुलिस में विभिन्न पदों पर 13800 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया दिसंबर 2021 तक पूरी हो : योगी

जनपत की खबर , 308

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निरंतर अफसरों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर रहे हैं। रिक्तियों का ब्योरा मांगा गया है। जल्दी उनकी भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का आदेश दिया गया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने कहा है कि उत्तर प्रदेश पुलिस में विभिन्न पदों पर 13800 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया दिसंबर 2021 तक पूरी की जाए। उन्होंने चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरतने का आदेश दिया है। साथ ही कहा है कि परीक्षार्थियों की सहूलियत का भी ख्याल रखा जाए। शुक्रवार को ही राज्य सरकार ने विभिन्न आयोगों में 74,000 युवाओं को रोजगार देने का ऐलान किया था। 

बीते दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जेल वॉर्डर में नवनियुक्त 5805 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर रहे थे। इसी मौके पर उन्होंने यह अहम आदेश दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले सवा चार वर्षों में प्रदेश में सकारात्मक परिवर्तन आया है। प्रदेश में एक नयापन देखने को मिल रहा है। वर्ष 2017 के बाद प्रदेश की स्थिति को बदलता हुआ देखा जा रहा है। प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिल रहा है। इस सरकार में 4,25,000 सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इससे कई गुना अधिक निजी नौकरियां प्रदान की गईं। प्रदेश में निजी निवेश के कारण डेढ़ करोड़ से अधिक युवाओं को प्राइवेट सेक्टर में रोजगार मिला है। 

*इन पदों पर होंगी नियुक्तियां*

बताते चलें कि उत्तर प्रदेश में पुलिस के विभिन्न पदों पर 13,800 नियुक्तियां होनी हैं। राज्य पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष राजकुमार विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री को रिक्त पदों और भर्ती प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के 9534 पदों, पुलिस कार्यालयों के कर्मियों के 1329 पदों, पुलिस रेडियो शाखा के विभिन्न स्तरों के 2244 पदों तथा पुलिस विभाग में कम्प्यूटर ऑपरेटर के 693 पदों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। भर्ती बोर्ड द्वारा 13,800 पदों के लिए चयन प्रक्रिया दिसम्बर, 2021 तक पूरी कर ली जाएगी।

*टीम वर्क से बदली छविः सीएम योगी आदित्यनाथ*

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले सवा चार वर्षों के दौरान ईमानदारी एवं पारदर्शी ढंग से डेढ़ लाख पुलिस कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हुई है। इससे वर्तमान प्रदेश सरकार की नई कार्य पद्धति के साथ एक नए उत्तर प्रदेश का मानचित्र प्रस्तुत हुआ है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जेल वॉर्डर, फायरमैन एवं घुड़सवार पुलिस के पद की परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया है। इस चयन प्रक्रिया की सबसे अच्छी बात यह रही कि प्रत्येक जनपद के अभ्यर्थियों ने इस प्रक्रिया में सफलता प्राप्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक स्तर पर सुधार दिखायी दे रहा है। यह बदलाव टीम वर्क के कारण ही सम्भव हो सका है। इसमें पुलिस महानिदेशक से लेकर आरक्षी तक तथा शासन-प्रशासन के प्रत्येक कर्मचारी के सामूहिक प्रयास से राज्य की छवि को बदलने में सफलता मिली है।

*साढ़े चार लाख करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव मिला था*

राज्य में निवेश और रोजगार के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, ‘उत्तर प्रदेश इन्वेस्टर्स समिट-2018’ में राज्य को साढ़े चार लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इसमें से अधिकतर लागू हो गए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था से निवेश का माहौल बना। युवाओं के लिए रोजगार की सम्भावनाएं आगे बढ़ीं। निजी क्षेत्र में हमारे प्रदेश के युवाओं को बड़ी संख्या में नौकरियां और रोजगार प्राप्त हुए। पुलिस-प्रशासन के अफसरों-कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उन्हें जो वेतन मिलेगा, वह प्रदेश की जनता का पैसा है। टैक्स के रूप में प्रदेश की जनता के इस सहयोग से विकास भी होता है और व्यवस्था का संचालन भी। इसलिए जनता के प्रति आप सभी की जवाबदेही है। 

*प्रदेश में रूल ऑफ लॉ लागू हैः वित्त मंत्री सुरेश खन्ना*

कार्यक्रम में मौजूद वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सम्बोधित करते हुए कहा, जब से वर्तमान सरकार सत्ता में आयी है, तब से प्रदेश में रूल ऑफ लॉ प्रत्यक्ष रूप से देखने को मिला है। वर्षों से लोग इसकी प्रतीक्षा कर रहे थे। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रत्येक क्षेत्र में हुए सुधारों से एक व्यावहारिक परिवर्तन आया है। पुलिस विभाग में बड़ी संख्या में नौकरियां और बड़े पैमाने पर कार्मिकों को प्रोन्नति का अवसर मिला है। प्रदेश सरकार ने पुलिस ड्यूटी और प्रोन्नति की विसंगतियों को दूर किया। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एमएसएमई नवनीत सहगल, डीजी (जेल) आनन्द कुमार, एडीजी (लॉ एण्ड आर्डर) प्रशान्त कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

*राज्य विकास के पथ पर अग्रसर हैः कारागार राज्यमंत्री जय कुमार सिंह जैकी*

कारागार राज्यमंत्री जय कुमार सिंह जैकी ने कहा कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। समाज में भयमुक्त वातावरण स्थापित हुआ है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने का जो वादा किया था, उसी क्रम में एक सार्थक पहल के रूप में यहां हम सभी भागीदार हैं। रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। कारागार सुरक्षा को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए कारागार विभाग में लम्बे समय से रिक्त चल रहे सुरक्षा कर्मियों के पदों पर भर्ती की कार्यवाही के आदेश दिए गए। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों के पदों पर भर्ती की कार्यवाही उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने की।

Related Articles

Comments

Back to Top