ग्रेटर नोएडा,‘मेगा वैक्सीनेशन मिशन’ को सफल बनाने में जुटा प्रशासन, 25 टीमें गठित
अन्य खबरे Jun 29, 2021 at 06:50 AM , 393लखनऊ।
गौतमबुद्ध नगर में 1 जुलाई से व्यापक स्तर पर टीकाकरण चलाया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। इसके तहत जनपद में 18 वर्ष व उससे अधिक उम्र के निवासियों के लिए टीकाकरण अभियान चलेगा। इसे सफल बनाने के लिए जनपद को कई कलस्टर में बांटा जाएगा। 25 टीमों के साथ वैक्सीनेश कैंप रोजाना चलाया जायेगा। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण किया जा सके और कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीनेशन कार्यक्रम का लाभ जनमानस तक सरलता के साथ पहुंचाने के उद्देश्य से जिला अधिकारी सुहास एलवाई (DM Suhas LY IAS) के निर्देश पर जनपद के अधिकारियों द्वारा विभिन्न स्तर पर कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। ताकि कोरोना को लेकर सरकार द्वारा संचालित कार्यक्रमों का आम नागरिकों को लाभ मिल सके। इस कड़ी में आज उपजिलाधिकारी सदर प्रसून द्विवेदी ने 1 जुलाई से शुरू होने वाले 18 वर्ष से ज्यादा उम्र के निवासियों के वैक्सीनेशन कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से अहम बैठक की। तहसील सदर के सभागार में स्वास्थ्य विभाग, कोटेदार, प्रधानों, बेसिक शिक्षा, सीडीपीओ तथा सम्बन्धित लोगों के साथ वैक्सीनेशन कार्यक्रम के सम्बन्ध में चर्चा की।
उन्होंने कहा कि कोटेदार, आरडब्ल्यूए, आंगनबाडी कार्यकर्ता, प्रधान व सभासद आदि के साथ समन्वय स्थापित करते हुये ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में वैक्सीनेशन के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए। कोरोना संक्रमण के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी दी जाए। लोगों को बताएं कि यह संक्रमण कैसे फैलता है। इससे बचाव के सम्बन्ध में आम नागरिकों को जागरूक किया जाए। इस महत्वपूर्ण बैठक में एमओआईसी दनकौर नरेन्द्र तिवारी, तहसीलदार सदर अरविन्द कुमार, एबीएसए दनकौर, सीडीपीओ दनकौर, सप्लाई विभाग के अधिकारी तथा तहसील सदर के समस्त प्रधान, कोटेदार व लेखपाल उपस्थित रहे।



























Comments