यूपी के 2.24 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में पहुंचे 4,482.19 करोड़ रुपये, पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी
अन्य खबरे Oct 30, 2026 at 07:28 PM , 26**लखनऊ।** दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश के करोड़ों किसानों को बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 4,482.19 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई।
देशभर में इस किस्त के तहत 9.34 करोड़ से अधिक किसानों को 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि प्रदान की गई। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रदेश के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
**लखनऊ में आयोजित हुआ राज्य स्तरीय कार्यक्रम**
इस अवसर पर राजधानी लखनऊ के तेलीबाग स्थित भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किसानों के साथ वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
कार्यक्रम के दौरान कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के लिए सीआरएम योजना के अंतर्गत कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना हेतु पात्र लाभार्थी किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर अनुमन्य ट्रैक्टरों की प्रतीकात्मक चाबियां सौंपी गईं। इसके साथ ही किसानों को दलहन एवं तिलहन की उन्नतशील किस्मों के बीजों की मिनीकिट भी वितरित की गई।
**यूपी के किसानों को अब तक मिले 1.07 लाख करोड़ रुपये से अधिक**
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने, उनकी आमदनी बढ़ाने और खेती की लागत कम करने के उद्देश्य से सरकार लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है। प्रत्येक किस्त में किसानों के खाते में 2,000 रुपये भेजे जाते हैं।
उन्होंने बताया कि 24 फरवरी 2019 को गोरखपुर से शुरू हुई इस योजना के अंतर्गत अब तक उत्तर प्रदेश के किसानों को कुल 1,07,943.95 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है।
**किसानों को दी दीपावली की शुभकामनाएं**
कृषि मंत्री ने कहा कि दीपावली से पहले सम्मान निधि की राशि किसानों के खातों में पहुंचना उनके लिए महत्वपूर्ण सहायता है। उन्होंने प्रदेश एवं देश के सभी अन्नदाता किसानों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं।
**कार्यक्रम में ये रहे मौजूद**
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, प्रमुख सचिव कृषि एमके शनमुगा सुंदरम, महानिदेशक (उपकार) संजय सिंह, निदेशक कृषि टीएम त्रिपाठी, भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान के निदेशक एसएन सुशील, उत्तर प्रदेश बीज प्रमाणीकरण संस्था की निदेशक कनीज फातिमा तथा अपर निदेशक योगेश प्रताप सिंह सहित कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।






_page-0001.jpg)




















Comments