उत्तर प्रदेश की 'शो विंडो' पर इस साल खर्च होंगे 14,050 करोड़

हेडलाइंस , 326

लखनऊ।

उत्तर प्रदेश की शो विंडो के नाम से मशहूर नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना ट्राईसिटी के बजट पेश कर दिए गए हैं। इस वित्त वर्ष का बजट कोरोनावायरस संक्रमण के कारण फैली महामारी के चलते 3 महीने देरी से पेश किया गया है। तीनों विकास प्राधिकरण इस साल 14050 करोड रुपए खर्च करेंगे। बड़ी बात यह है कि ग्रामीण और शहरी विकास के बीच संतुलन बनाकर रखने का भरपूर प्रयास किया गया है। हालांकि, सबसे ज्यादा खर्च भूमि अधिग्रहण और मेगा प्रोजेक्ट पर किया जाएगा। इनमें जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मेट्रो का विस्तार, एलिवेटेड रोड, फ्लाईओवर और अंडरपास शामिल हैं।

सबसे बड़ा 4,551 करोड रुपए का बजट नोएडा अथॉरिटी का है। इसके बाद ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी का बजट 4,399 करोड रुपए और यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी का बजट 4,200 करोड़ रुपये का है। अब आपको बताते हैं कौन सा प्राधिकरण इस साल किस काम पर कितना पैसा खर्च करने वाला है।

सबसे पहले नोएडा शहर की बात करते हैं। नोएडा अथॉरिटी ने इस साल 4551 करोड रुपए का बजट पेश किया है। नोएडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी ने बताया कि इसमें विकास और निर्माण कार्यों पर सबसे ज्यादा 1596.75 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। शहर में नए इंडस्ट्रियल और रेजिडेंशियल सेक्टर बसाने के लिए 441.5 करोड रुपए खर्च होंगे। शहरी और स्वास्थ्य सेवाओं पर 823.56 करोड रुपए खर्च होंगे। जैसा हमने आपको बताया गांव और शहरों के बीच संतुलन बनाने का पूरा प्रयास किया गया है। नोएडा अथॉरिटी ने इस साल गांवों में विकास के लिए 125.5 करोड़ों रुपये रखे हैं। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए 1084 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। अथॉरिटी की इस परियोजना में हिस्सेदारी 37.5% है। ग्रेटर नोएडा की 12.5% और यमुना अथॉरिटी की भी हिस्सेदारी 12.5% है।

ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने शनिवार को अपना बजट पेश किया। यह 4,399 करोड रुपए का है। ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेंद्र भूषण ने बताया कि सबसे ज्यादा पैसा जेवर एयरपोर्ट परियोजना और भूमि अधिग्रहण के लिए रखा गया है। इन मदों पर 2,200 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। शहर में मेट्रो रेल का विस्तार करने के लिए 75 करोड़ का प्रावधान किया गया है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 100 करोड़ रुपए में एक स्टेडियम बनाया जाएगा। ग्रेटर नोएडा में पड़ने वाले गांवों का विकास करने के लिए 210 करोड़ और शहरी सेवाओं पर 460.20 करोड़ रुपए बजट रखा गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए 900 करोड रुपए आवंटित किए गए हैं।


यमुना अथॉरिटी का बजट सोमवार को पेश किया जाएगा। मिली जानकारी के मुताबिक यह अब तक का सबसे बड़ा बजट होगा। इस साल यमुना अथॉरिटी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, ग्रेटर नोएडा-जेवर मेट्रो, भूमि अधिग्रहण और ग्रामीण विकास पर यह पैसा खर्च करेगी। कुल मिलाकर इस साल उत्तर प्रदेश की आर्थिक राजधानी को चमकाने के लिए 14050 करोड़ रुपये खर्च होंगे। आपको बता दें कि यह चुनावी साल है।

Related Articles

Comments

Back to Top