साढ़े तीन हजार नए संक्रमित, कोरोना से ढाई हजार से ज्यादा मौतें!
संपादकीय May 13, 2020 at 11:51 AM , 2824कोरोना वायरस के संक्रमण से देश भर में मरने वालों की संख्या का रोजाना का औसत एक सौ मौतों से ज्यादा हो गया है। बुधवार की शाम तक एक दिन में 120 लोगों की मौत की खबर आई, जिसके बाद देश भर में कोरोना के संक्रमण से मरने वालों की संख्या ढाई हजार का आंकड़ा पार कर गई। बुधवार की शाम तक देश में 120 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद कुल मौतों का आंकड़ा 2.535 पहुंच गया। इससे पहले मंगलवार को 114 लोगों की मौत हुई थी। सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में एक हजार के करीब पहुंच चुका है।
बुधवार को सबसे ज्यादा 54 मौतें महाराष्ट्र में हुई। यह कोरोना वायरस के संक्रमण से होने वाली मौतों का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले मंगलवार को 53 लोगों की मौत हुई थी। राज्य में अब तक 975 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना वायरस के संक्रमण के नए इपीसेंटर के तौर पर उभरे गुजरात में बुधवार को 29 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद राज्य मरने वालों की संख्या 566 पहुंच गई। मंगलवार को गुजरात में 24 लोगों की मौत हुई थी। महाराष्ट्र के बाद पूरे देश में सबसे तेजी से संक्रमण और मृतकों की संख्या गुजरात में बढ़ रही है।
बुधवार की शाम तक महाराष्ट्र और गुजरात के बाद सबसे ज्यादा 20 लोगों की मौत राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुई। इसकी वजह से यहां मरने वालों की कुल संख्या एक सौ का आंकड़ा पार कर 106 पहुंच गई। मंगलवार को दिल्ली में 13 लोगों की जान गई थी। मध्य प्रदेश में बुधवार को सात लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा 232 हो गया।
बुधवार को तमिलनाडु में तीन लोगों की मौत हुई, जिसके बाद राज्य में मरने वालों की संख्या 64 पहुंच गई। राजस्थान में तीन लोगों की मौत हुई, जिसके बाद राज्य में मरने वालों की संख्या 120 हो गई। इसके कर्नाटक में दो और आंध्र प्रदेश व बिहार में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी की वेबसाइट और राज्यों से मिली जानकारी पर आधारित हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक बुधवार की शाम तक 2,415 लोगों की मौत हुई है।
भारत में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या बढ़ने का हर दिन का औसत तीन हजार से ऊपर पहुंच गया है। बुधवार को देर शाम तक वायरस से संक्रमण के साढ़े तीन हजार से ज्यादा नए मामले आए, जिसके बाद देश भर में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 78 हजार के करीब पहुंच गई। बुधवार को देश भर से मिले आंकड़ों के मुताबिक 3,516 नए मामले आए, जिसकी वजह से कुल संख्या 77,846 पहुंच गई। इनमें से साढ़े 26,067 लोग इलाज से ठीक हुए हैं और 2,535 लोगों की मौत हुई है। अभी 49,239 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में बुधवार की शाम तक रिकार्ड संख्या में 1,495 मामले आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 25,922 हो गई। संक्रमण के नए इपीसेंटर के तौर पर उभरे गुजरात में बुधवार को 364 नए मामले आए जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 9,268 हो गई है। तमिलनाडु में भी संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बुधवार को राज्य में 509 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 9,227 हो गई। इससे पहले मंगलवार को राज्य में 716 नए मामले आए थे।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को 359 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 7,998 पहुंच गई। पश्चिम बंगाल में 117 नए मामले आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 2,290 पहुंच गई। राजस्थान में बुधवार को 152 नए मामले आए, जिसके बाद वहां संक्रमितों की संख्या 4,278 पहुंच गई। पंजाब में 10 नए मामले सामने आए, जिसके बाद वहां संक्रमितों की संख्या 1,924 पहुंच गई है। आंध्र प्रदेश में 48 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 2,137 हो गई है।
मध्य प्रदेश में बुधवार को 187 नए मामले मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 4,173 पहुंच गई। बिहार में भी बुधवार को भी संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ी। राज्य में संक्रमण के 53 नए मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 932 हो गई। प्रवासी मजदूरों के राज्य में लौटने के बाद पिछले चार दिन में संक्रमितों की संख्या में ढाई सौ से ज्यादा का इजाफा हुआ है। इसके अलावा कर्नाटक में 34, जम्मू कश्मीर में 37, हरियाणा में 13, केरल में 10, ओड़िशा में 101 और चंडीगढ़ में चार नए मामले सामने आए।
ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी की वेबसाइट और राज्यों से मिली सूचना पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बुधवार की शाम तक संक्रमितों की कुल संख्या 74,280 थी, जिसमें से 2,415 लोगों की मौत हुई थी और 23,385 लोग इलाज से ठीक हुए थे। इसके मुताबिक 47,480 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।































Comments