भाकियू अराजनैतिक के उपाध्यक्ष ने जेवर टोल पर धरना दिया, बोले- ‘मोदी और योगी सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रहीं’

हेडलाइंस , 308

नोयडा।

केंद्र सरकार के तीन नए कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन फिर धार पकड़ने लगा है। 26 मई को ‘काला दिवस’ मनाने के बाद कानूनों का विरोध कर रहे किसानों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह चिरौली गुरुवार को जेवर टोल पर किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए। चिरौली ने इसकी जानकारी दी। इससे जेवर टोल पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। किसान नेता ने बताया कि चिरौली के धरने की वजह से जेवर टोल प्लाजा के दो लेन को बंद कर दिया गया है। 


आंदोलन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह चिरौली ने बताया कि केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है। केंद्र सरकार ने किसान विरोधी तीन कानून बनाकर किसानों को पंगु बना दिया है। बार-बार आह्वान के बावजूद भी केंद्र सरकार किसानों की बात नहीं सुन रही है। उन्होंने बताया कि इस बात को लेकर उन्होंने आज जेवर टोल प्लाजा पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया है। अगर बहरी सरकारें नहीं सुनेंगी, तो किसान संगठन उन्हें सुनाने के लिए दूसरी रणनीति बनाएंगे। 


बताते चलें कि केंद्र सरकार के 3 नए कृषि सुधार कानूनों का विरोध कर रहे किसानों ने 26 मई को काला दिवस मना कर विरोध जताया था। दरअसल बीते बुधवार को किसान आंदोलन को 6 महीने पूरे हो रहे थे। इस मौके पर किसानों ने दिल्ली-एनसीआर के सभी बॉर्डर पर प्रदर्शन किया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए गौतमबुध नगर, गाजियाबाद और दिल्ली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहीं। कहीं से कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई। गाजियाबाद-दिल्ली बॉर्डर पर भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत की अगुवाई में किसानों ने काला दिवस मनाया। बुजुर्गों ने काली पगड़ी बांधकर अपना विरोध जताया। ट्रैक्टरों और घरों पर काले झंडे लहराए गए। किसानों की मांग है कि सरकार कानूनों को वापस ले। जबकि केंद्र उनमें संशोधन की बात कर कानूनों को निरस्त करने से इंकार कर रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top