सिर्फ 493 कामगारों के भरोसे नोएडा के 201 डेवलपमेंट प्रोजेक्ट

अन्य खबरे , 331

नोएडा । कोरोना वायरस की मार से उबर रहे नोएडा में एक बड़ा संकट कामगारों और मजदूरों का है। ज्यादातर प्रवासी कामगार वापस अपने गांव लौट गए हैं। इसका असर नोएडा के जारी प्रोजेक्ट पर भी दिखाई दे रहा है। विद्युत यांत्रिकी विभाग के समस्त विभागों में 176.00 करोड़ के 45 परियोजनाओं के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है।  इनमें 171.00 करोड़ की लागत के 22 नए प्रोजेक्ट एवं 5.00 करोड़ की लागत के 23 अनुरक्षण प्रोजेक्ट हैं। उक्त 45 परियोजनाओं में से 16 के एस्पटेंस जारी हो चुके हैं।
 

17 प्रोजेक्ट के टेंडर के लिए प्राईस बिड खोली जा चुकी है। 4 प्रोजेक्ट की प्री-क्वालिफिकेशन खुल चुकी हैं। अन्य 7 परियोजना के लिए ई-पोर्टल पर निविदा आमंत्रित की गई हैं। इसके अतिरिक्त 1 प्रोजेक्ट को सैद्धान्तिक स्वीकृति मिल चुकी है। मंगलवार को मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी (CEO Ritu Maheshwari IAS) ने इन सभी प्रोजेक्ट की समीक्षा बैठक की। उन्होंने निविदा प्रक्रिया में चल रहे समस्त कार्यों को निस्तारित करते हुए शीघ्र प्रारम्भ कराये जाने का आदेश दिया। 


ऋतु महेश्वरी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि समस्त कार्यों की टाइमलाइन बनाकर प्रस्तुत करें। प्रोजेक्ट को पूरा कराने में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में मजदूरों की कम संख्या का मुद्दा उठा। सीईओ ने कहा कि सभी प्रोजेक्ट में जरूरत के मुताबिक मजदूर लगाए जाएं। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कॉन्ट्रैक्टर द्वारा कराये जा रहे विकास कार्यों का भी संज्ञान लिया। दरअसल कई प्रोजेक्ट पर काम कॉन्ट्रैक्टर्स की लापरवाही से रूका है। ऋतु महेश्वरी ने ऐसे कॉन्ट्रैक्टर्स को ब्लैकलिस्ट करने की कार्यवाही शुरू करने का आदेश जारी किया। नये बस रहे सेक्टर-145 में चल रहे बाह्य विद्युतीकरण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा। 

*कामगारों की कमी पड़ रही भारी*

वर्तमान में नोएडा के 201 परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इसकी लागत करीब 170 करोड़ है। इन परियोजनाओं को पूरा करने के लिए 493 कामगार ही काम पर है। खंड-1 में 38 करोड़ की लागत से 37 प्रोजेक्ट पर कुल 89 कामगार, खंड दो में 23 करोड़ की लगात से 84 परियोजनाओं पर 243 कामगार, खंड-3 में 91 करोड़ की लगात से 51 प्रोजेक्ट पर 114 कामगार व खंड चार में 17 करोड़ की लागत से 29 परियोजनाओं पर कुल 47 कामगार काम पर हैं। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने आदेश दिया है कि कुशल मजदूरों को काम पर लगाया जाए। 

*डार्क स्पॉट्स पर लगेंगी स्ट्रीट लाइट्स*

सीईओ ने ईईएसएल एवं टाटा से प्राप्त एलईडी लाईटों को स्थापित किये जाने के कार्य की समीक्षा की। उन्हें अवगत कराया गया कि कुल 98115 एलईडी स्ट्रीट लाईटें स्थापित की जा चुकी हैं। इनमें से ईईएसएल से प्राप्त 22233 लाईटें लगाई गई हैं। टाटा की कुल 75882 लाईटें लगाई गई हैं। उन्होंने सभी खराब लाइटों को सही करने व विशेषकर उनके क्षेत्रान्तर्गत डार्क स्पॉट्स को चिन्हित करते हुए उक्त क्षेत्रों में स्ट्रीट लाईट लगाये जाने का आदेश दिया। साथ ही ट्राइ कलर लाइटों को भी ठीक कराया जाएगा।

*समन्वय स्थापित करें खुदाई*

मंगलवार को हुई बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत केबिल एवं अन्य भूमिगत सर्विसेज हेतु की जा रही खुदाई संबंधी कार्यों के बारे में चर्चा हुई। इस सम्बन्ध में विद्युत यांत्रिक एवं जल खण्डों को प्राधिकरण के सिविल वर्क सर्किलों के साथ समन्वय करते हुए खुदाई का कार्य शुरू करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि खुदाई करने से पूर्व अनुमति प्राप्त करना होगा। खुदाई करने के उपरान्त रेस्टोरेशन का काम भी सम्बन्धित विभाग को पूरा करना होगा। 

*विद्युत कार्य किए जाएं पूरे*

नोएडा में जारी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं के विद्युत कार्य बाधित हैं। सीईओ ने इनको शीघ्र सम्पन्न कराने हेतु सम्बन्धित वरिष्ठ प्रबन्धकों को निर्देशित किया। इसमे डीएससी रोड पर आगाहपुर पेट्रोल पम्प से एनएसईजेड तक निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड परियोजना के अन्तर्गत विद्युत कार्य 40 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। सेक्टर-96 में नोएडा प्राधिकरण के निर्माणाधीन नये प्रशासनिक भवन का कार्य के अलावा एक्सप्रेस-वे पर विभिन्न स्थानों पर स्थापित म्यूरल्स में लाइटिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top