सुरक्षाकर्मियों की गोली से चोर की मौत

हेडलाइंस , 521

गाजियाबाद ।
गाजियाबाद में बंद फैक्ट्री में चोरी करना तीन चोरों के लिए जानलेवा बन गया। जनपद के साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में साइट-4 स्थित एक बंद फैक्ट्री में चोरी करने के बाद बदमाश भाग रहे थे। लेकिन इसकी भनक सुरक्षाकर्मियों को लग गई। सुरक्षाकर्मियों ने उन पर गोली चला दी। हादसे में एक बदमाश को गोली लग गई। अस्पातल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। फैक्ट्री के सुपरवाइजर ने मंगलवार को लिंक रोड़ थाना पुलिस में शिकायत दी है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई कर फैक्ट्री में चोरी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। 

*एक सुरक्षाकर्मी ने गोली चला दी*

जानकारी के मुताबिक साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में लिंक रोड़ थाना क्षेत्र के साइट-4 स्थित बंद फैक्ट्री में सुरक्षाकर्मी रहते हैं। फैक्ट्री के सुपरवाइजर ने शिकायत में कहा है कि रविवार रात करीब 3:15 बजे तीन बदमाश फैक्ट्री से चोरी करके भाग रहे थे। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने आवाज लगाई। बावजूद इसके बदमाश रुके नहीं। इसी दौरान एक सुरक्षाकर्मी ने गोली चला दी। संयोग से गोली एक बदमाश को लग गई। घटना के बाद एक घायल व्यक्ति साहिबाबाद थाना पुलिस पहुंचा। पुलिस ने फौरन उसे एमएमजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। 

*गुमशुदगी के मामले से हुई शिनाख्त*

बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो पाई। छानबीन कर रही पुलिस को पता चला कि मोहल्ला सराय नजरअली कोतवाली नगर निवासी एक महिला परिजनों के साथ अपने पति के लापता होने की शिकायत लेकर लिंक रोड थाने आई थी। मामले में पुलिस ने महिला को बुलाकर पूछताछ की। महिला को अस्पातल में उपचार के दौरान मौत हुए व्यक्ति की फोटो दिखाई गई। महिला ने उसकी पहचान मनीष (26 वर्ष) के रुप में की। मनीष, महिला का पति था। 

*तीन बदमाश एक साथ गए थे*
 
इस दौरान जांच में सामने आया कि मनीष कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी अपने साथी आयूब व रहीम के साथ फैक्ट्री में चोरी करने गया था। घटना के बाद दोनों आरोपी भाग गए। जबकि मनीष सीधा अस्पातल में उपचार न मिलने की आशंका पर साहिबाबाद थाना गया था। मामले में पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी साथ ही चोरी करने निकले थे। एसपी ट्रांस हिंडन ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई है। हर एंगल से मामले की छानबीन की जा रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top