नगर पंचायत सदस्य करेंगे कोरोना संक्रमित लोगों की पहचान, ग्रामीण इलाकों में पहुंची टीमें

अन्य खबरे , 261

नोएडा ।
गौतमबुद्ध नगर के ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इसकी रोकथाम के लिए रबूपुरा नगर पंचायत द्वारा नई पहल की शुरुआत की गई है। नगर पंचायत द्वारा कस्बा के सभी वार्ड सदस्यों को ऑक्सीमीटर और थर्मलस्केनर आदि उपकरणों से लैस एक-एक जांच किट उपलब्ध कराई गई हैं। इस कोविड जांच किट के जरिए सभी सदस्य अपने अपने वार्ड में जाकर लोगों में सम्भावित संक्रमण की जांच करेंगे। ताकि किसी भी व्यक्ति में कोरोना के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर उसका तुरंत उपचार शुरू किया जा सके। इससे संक्रमण को फैलने से रोकने में मदद मिलेगी। 


रबूपुरा नगर पंचायत के चेयरमैन ठाकुर वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गुरुवार को कस्बा के सभी 12 वार्डो के सदस्यों को लोगों की जांच करने के लिए किट दी गई हैं। किट में शामिल सभी उपकरण नगर पंचायत के अनुरोध पर शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं। सभी सदस्य अपने-अपने वार्ड के लोगों की बुखार और ऑक्सीजन की जांच कर सकेंगे। जिससे बुखार और ऑक्सीजन लेवल का समय से समय पता लग सके और प्रभावित व्यक्ति को तत्काल इलाज मुहैया कराया जा सके। 


उन्होंने बताया कि समस्या होने पर भी कस्बा के लोग किसी भी वार्ड सदस्य या नगर पंचायत कार्यालय को सूचित कर अपनी जांच भी करा सकते हैं। आपकों बता दें कि ग्रेटर नोएडा, जेवर और दनकौर के ग्रामीण इलाकों में कोरोना वायरस काफी तेजी के साथ फैलता जा रहा है। हालत यह हो गई है कि ग्रामीण इलाकों में अभी तक सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है। लोगों का कहना है कि पहले बुखार आता है और फिर ऑक्सीजन लेवल कम होने लगता है। इसके चलते ही व्यक्ति की मौत हो जाती है।

Related Articles

Comments

Back to Top