'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' का शुभारंभ, शिक्षकों को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा उपहार

जनपत की खबर , 25

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' का शुभारंभ किया। इस अवसर पर योजना के प्रभावी संचालन के लिए पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए गए। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के शिक्षकों और उनके परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि यह योजना शिक्षकों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि अब शिक्षकों को गंभीर बीमारी या आकस्मिक स्वास्थ्य संकट के समय आर्थिक चिंता से जूझना नहीं पड़ेगा, बल्कि उन्हें समय पर बेहतर और कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से समझते हुए यह दूरदर्शी निर्णय लिया है। यह योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच प्रदान करेगी।

योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केवल प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि हर परिवार के अभिभावक की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मूल मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने शिक्षकों का आह्वान करते हुए कहा कि वे स्वयं को केवल शिक्षण कार्य तक सीमित न रखें, बल्कि समाज के मार्गदर्शक और राष्ट्र निर्माण के सूत्रधार के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि यह कैशलेस चिकित्सा कार्ड केवल एक पहचान पत्र नहीं, बल्कि शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए जीवन सुरक्षा और उपचार की गारंटी है, जो संकट की घड़ी में एक 'संकटमोचक' की भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस योजना को प्रदेश के लाखों शिक्षकों के लिए सरकार की एक महत्वपूर्ण और कल्याणकारी पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Comments

Back to Top