प्रह्लाद जोशी ने संभाला शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार, कहा— 'विनम्रता और कर्तव्यबोध के साथ निभाऊंगा नई जिम्मेदारी'

जनपत की खबर , 29

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने रविवार को आधिकारिक रूप से केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक की और स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा सहित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। 
कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रह्लाद जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी "विनम्रता और गहरे कर्तव्यबोध" के साथ स्वीकार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विश्वास पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। 
उन्होंने मीडिया से बातचीत में स्वीकार किया कि शिक्षा उनके लिए नया विषय है, लेकिन वे मंत्रालय के विभिन्न विभागों, योजनाओं और कार्यप्रणाली का गहन अध्ययन कर रहे हैं ताकि शिक्षा क्षेत्र से जुड़े सभी मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम किया जा सके।
कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद आयोजित समीक्षा बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. विनीत जोशी, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव टी. के. अनिल कुमार सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न शिक्षा योजनाओं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति और मंत्रालय की प्रमुख पहलों की प्रगति पर चर्चा की गई। 
गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद प्रधानमंत्री की सलाह पर प्रह्लाद जोशी को उनके मौजूदा मंत्रालयों के साथ शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वर्तमान में उनके पास उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की भी जिम्मेदारी है। 

Related Articles

Comments

Back to Top