'मैनपुरी की पहचान पर संकट पैदा करने वालों को जनता भूली नहीं' : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
जनपत की खबर Jul 26, 2026 at 01:25 PM , 18मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब मैनपुरी की पहचान संकट में डाल दी गई थी और इसके लिए बाहरी नहीं, बल्कि यहीं के वे लोग जिम्मेदार थे जो वर्षों तक सत्ता और व्यवस्था से जुड़े रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा, "मैनपुरी के सामने पहचान का संकट किसने खड़ा किया था? किसने यहां के नौजवानों की नौकरियां छीनीं, अन्नदाता किसानों की खुशहाली छीन ली, व्यापारियों को असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर किया और बेटियों की सुरक्षा पर खतरा पैदा किया?"
उन्होंने कहा कि "ये कोई बाहर से आने वाले लोग नहीं थे, बल्कि आपके ही बीच के, आपसे जुड़े हुए लोग थे। उन्होंने केवल मैनपुरी को इटावा के सामने खड़ा नहीं किया, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश की पहचान पर संकट खड़ा कर दिया। प्रदेश को बीमारू राज्य की छवि देकर विकास की दौड़ में पीछे धकेल दिया और उसकी पहचान को नुकसान पहुंचाया।"
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था, निवेश, रोजगार, किसानों के हित और महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। उन्होंने दावा किया कि आज प्रदेश विकास, सुशासन और सुरक्षा के नए मानक स्थापित कर रहा है तथा मैनपुरी भी विकास की मुख्यधारा से तेजी से जुड़ रहा है।
उन्होंने जनता से विकास, सुशासन और सुरक्षा के मुद्दों पर आगे भी सरकार का सहयोग करने की अपील की।































Comments