*पशुपालन विभाग मिनिस्ट्रियल एम्प्लाइज एसोसिएशन के चुनाव सम्पन्न**

अन्य खबरे , 21

**विद्या प्रकाश त्रिवेदी प्रांतीय अध्यक्ष एवं अखंड प्रताप सिंह प्रांतीय महामंत्री निर्वाचित**

**लखनऊ।** उत्तर प्रदेश पशुपालन विभाग मिनिस्ट्रियल एम्प्लाइज एसोसिएशन का द्विवार्षिक अधिवेशन एवं निर्वाचन शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। निदेशालय परिसर स्थित सभागार में आयोजित इस अधिवेशन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों, मंडलों एवं संस्थाओं से आए मिनिस्ट्रियल संवर्ग के कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। चुनाव को लेकर कर्मचारियों में विशेष उत्साह एवं संगठन के प्रति गहरा विश्वास देखने को मिला।

देर रात घोषित निर्वाचन परिणामों में **विद्या प्रकाश त्रिवेदी** प्रांतीय अध्यक्ष तथा **अखंड प्रताप सिंह** प्रांतीय महामंत्री पद पर निर्वाचित घोषित किए गए। कोषाध्यक्ष के पद पर आरुष यादव को जीत मिली वहीं **धर्मेंद्र कुमार सिंह, राहुल कुमार, रमेश चंद्र एवं सौरभ तिवारी** वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए।

निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का कर्मचारियों ने पुष्प मालाओं एवं शुभकामनाओं के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं कर्मचारी हितैषी बनाने का संकल्प व्यक्त किया तथा प्रदेश के दूरदराज़ क्षेत्रों से आए सभी कर्मचारियों के प्रति आभार प्रकट किया।

नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष **विद्या प्रकाश त्रिवेदी** ने कहा कि संगठन कर्मचारियों के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, नियमित पदोन्नति, सेवा संबंधी विसंगतियों का निराकरण तथा संगठन की गरिमा और एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

नवनिर्वाचित प्रांतीय महामंत्री **अखंड प्रताप सिंह** ने कहा कि कर्मचारियों की प्रत्येक समस्या को निदेशालय से लेकर शासन स्तर तक पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा तथा उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करेगा।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष **धर्मेंद्र कुमार सिंह** ने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन सभी साथियों को साथ लेकर नई ऊर्जा, नई सोच और सकारात्मक कार्यशैली के साथ आगे बढ़ेगा तथा कर्मचारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

कार्यक्रम का समापन संगठन की एकता, पारदर्शिता और कर्मचारी हितों के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Comments

Back to Top