NEET UG-2026 पुनर्परीक्षा को लेकर लखनऊ पुलिस अलर्ट, 75 केंद्रों पर 35 हजार से अधिक अभ्यर्थियों की सुरक्षा में तैनात रहेंगे 996 पुलिसकर्मी
जनपत की खबर Jun 20, 2026 at 08:05 PM , 29लखनऊ। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित की जा रही NEET (UG)-2026 पुनर्परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। परीक्षा 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा।
लखनऊ में होने वाली इस पुनर्परीक्षा में 35,594 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनके लिए कुल 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लखनऊ पुलिस ने 996 पुलिसकर्मियों की तैनाती की है।
सुरक्षा व्यवस्था में 4 सहायक पुलिस आयुक्त (ACP), 205 उपनिरीक्षक, 452 मुख्य आरक्षी/आरक्षी और 335 महिला आरक्षी शामिल हैं। इसके अलावा गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए 150 सशस्त्र पुलिस बल कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
केंद्रों पर होगी कड़ी निगरानी
परीक्षा केंद्रों पर नोडल पुलिस अधिकारी, केंद्र प्रभारी पुलिसकर्मी और कंट्रोल रूम प्रभारी तैनात रहेंगे। प्रत्येक केंद्र पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के लिए हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के साथ 150 कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
पुलिस के अनुसार प्रत्येक 480 अभ्यर्थियों पर चेकिंग और फ्रिस्किंग के लिए एक उपनिरीक्षक, दो हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल और तीन महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, आईटी गैजेट्स और अन्य प्रतिबंधित सामग्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। परीक्षा अवधि में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर भी रोक रहेगी।
यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्लान
परीक्षा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, टैक्सी स्टैंड और परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिरिक्त यातायात कर्मियों की तैनाती की गई है।
यातायात अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों तक जाने वाले मार्गों और भीड़ वाले स्थानों का पहले से निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा दिवस पर सुबह 7 बजे से परीक्षा समाप्त होने तक सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे।
आपात स्थिति से निपटने के लिए UP-112 की गाड़ियां परीक्षा केंद्रों के आसपास तैनात रहेंगी। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पिंक पेट्रोल, डायल-112 और एंटी रोमियो स्क्वाड भी सक्रिय रहेंगे।
अभ्यर्थियों से लखनऊ पुलिस की अपील
लखनऊ पुलिस ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचे, परीक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी स्तरों पर सतर्कता बरती जा रही है।































Comments