विपक्ष की ‘भ्रम और नकारात्मक राजनीति’ को जनता ने नकारा : पंकज चौधरी

अन्य खबरे , 41

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब विपक्ष की नकारात्मक, भ्रम फैलाने वाली और अवसरवादी राजनीति को पूरी तरह समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि जिन दलों ने वर्षों तक संविधान, सामाजिक न्याय और अर्थव्यवस्था को परिवारवाद और वोटबैंक की राजनीति का माध्यम बनाया, वही आज जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं।
 
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वैश्विक स्तर पर लगातार बढ़ता सम्मान कांग्रेस और सपा को स्वीकार नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और बड़े-बड़े देश भारत के साथ रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी साझेदारी बढ़ाने के इच्छुक हैं। प्रधानमंत्री के विदेश दौरे भारत के हितों को मजबूत करने, निवेश बढ़ाने, रोजगार के अवसर सृजित करने और वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए होते हैं।
 
उन्होंने इटली में प्रधानमंत्री मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच हुई मुलाकात को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह विपक्ष की हताशा और अपरिपक्व सोच को दर्शाता है। अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में मित्रता और विश्वास की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, लेकिन कांग्रेस हमेशा भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाने की राजनीति करती रही है।
 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा देश में आर्थिक संकट की बात करना हास्यास्पद है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में देश भ्रष्टाचार, घोटालों और आर्थिक अस्थिरता से जूझ रहा था, जबकि आज मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड विदेशी निवेश, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, डिफेंस कॉरिडोर, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे अभियान देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूत कदम हैं।
 
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार गरीब कल्याण और सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष विकास की इस राजनीति को स्वीकार नहीं कर पा रहा है।
 
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आरक्षण और सामाजिक न्याय पर बोलने का सपा को कोई नैतिक अधिकार नहीं है। सपा सरकार के दौरान भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद चरम पर था, जबकि भाजपा सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू कर लाखों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।
 
उन्होंने ‘लेटरल एंट्री’ जैसे मुद्दों पर विपक्ष द्वारा भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासनिक दक्षता और विशेषज्ञता बढ़ाने के लिए समय-समय पर सुधार किए जाते रहे हैं, लेकिन विपक्ष हर सुधार का विरोध केवल राजनीतिक लाभ के लिए करता है।
 
प्रदेश में कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। माफिया और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है तथा गरीबों की जमीनों पर कब्जा करने वालों पर बुलडोजर चल रहा है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि अपराध और भ्रष्टाचार की राजनीति करने वालों को भाजपा सरकार की सख्ती रास नहीं आ रही है।
 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत के संकल्प को लेकर लगातार कार्य कर रहे हैं, जबकि विपक्ष भय, भ्रम और झूठ की राजनीति में लगा हुआ है। जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है और भाजपा सरकार गरीब कल्याण, किसानों की समृद्धि, युवाओं के भविष्य और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करती रहेगी।

Related Articles

Comments

Back to Top