सोनभद्र पुलिस की बड़ी समीक्षा बैठक, लंबित विवेचनाओं और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश
अन्य खबरे May 20, 2026 at 08:17 PM , 19सोनभद्र। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जिले के सभी चौकी प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों और प्रभावी पुलिसिंग की गहन समीक्षा की।
बैठक के दौरान अभिषेक वर्मा ने चौकी स्तर पर लंबित एवं आंशिक रूप से लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक मामले में तथ्यों का गहन परीक्षण कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने जनशिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए चौकी स्तर पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों, आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित मामलों तथा अन्य शिकायतों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समयसीमा में समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई कर पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
समीक्षा बैठक में आबकारी अधिनियम, शस्त्र अधिनियम एवं एनडीपीएस अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई, एनबीडब्ल्यू वारंटों में गिरफ्तारी की प्रगति, यक्ष ऐप पर फीडिंग, ई-साक्ष्य एवं एसआईडी पोर्टल पर अद्यतन प्रविष्टियों सहित चौकी प्रभारियों द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में अपराध नियंत्रण, प्रभावी पुलिसिंग और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



























Comments