कानपुर में संयुक्त मण्डलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी का आयोजन प्राकृतिक खेती और फार्मर रजिस्ट्री पर सरकार का विशेष जोर

अन्य खबरे , 20

कानपुर/लखनऊ- 15 मई, 2026

कानपुर के चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में कानपुर, चित्रकूटधाम एवं झांसी मण्डल की संयुक्त मण्डलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी 2026 संपन्न हुई। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही रहे, जिन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर गोष्ठी का विधिवत शुभारंभ किया। गोष्ठी की अध्यक्षता प्रमुख सचिव कृषि रवीन्द्र ने की। इस अवसर पर तीन मण्डलों के 13 जनपदों के किसानों और अधिकारियों ने कृषि उत्पादन बढ़ाने और तकनीकी जानकारी साझा करने हेतु प्रतिभाग किया।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अपने संबोधन में कहा कि देश में वैदिक काल से ही प्राकृतिक खेती की परंपरा रही है, जो स्वास्थ्य के लिए उत्तम है। वर्तमान में रासायनिक खाद के बढ़ते प्रयोग से बीमारियां बढ़ रही हैं, इसलिए प्रदेश में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है और इस वर्ष इसके लिए 95 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में 110 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खाद्यान्न उत्पादन विस्तार का लक्ष्य है, जिसमें विशेष रूप से दलहनी खेती का आच्छादन 4 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाया जाएगा।
प्रमुख सचिव कृषि रवीन्द्र ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर हरी खाद और जैविक खाद के प्रयोग की अपील की ताकि मृदा स्वास्थ्य बेहतर बना रहे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भविष्य में कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य होगा। कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी ने पानी की कमी वाले क्षेत्रों जैसे चित्रकूटधाम और झांसी मण्डल में दलहन, तिलहन और रागी जैसी फसलों को अपनाने का सुझाव दिया और वर्षा जल संचयन हेतु चेकडैम निर्माण की जानकारी दी।
गोष्ठी के दौरान विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत बीज, मृदा स्वास्थ्य और पशुपालन के विषय में तकनीकी जानकारियां उपलब्ध कराईं। इस अवसर पर ई-लाटरी के माध्यम से चयनित 4 किसानों को ढैचा बीज मिनीकिट वितरित किए गए। कार्यक्रम में गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता, बीज विकास निगम के निदेशक टी.एम. त्रिपाठी सहित विभिन्न मण्डलों के मण्डलायुक्त, जिलाधिकारी और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top