सोनभद्र पुलिस लाइन में एसपी अभिषेक वर्मा का सख्त निरीक्षण, वाहनों और उपकरणों की परखी गई कार्यक्षमता
अन्य खबरे May 15, 2026 at 08:15 PM , 18**सोनभद्र।** पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड का निरीक्षण कर पुलिस बल की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और पुलिस कर्मियों को अनुशासन एवं फिटनेस बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद पुलिस कर्मियों की दौड़ एवं टोलीवार ड्रिल कराई गई, ताकि बल की शारीरिक क्षमता और तत्परता बनी रहे। एसपी ने यू0पी0-112 तथा विभिन्न थानों से आए वाहनों की सघन जांच करते हुए दंगा नियंत्रण उपकरण, वायरलेस सेट, प्राथमिक उपचार किट एवं अन्य संसाधनों की कार्यशीलता परखी। वाहन चालकों और पुलिसकर्मियों को सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने क्वार्टर गार्ड, परिवहन शाखा, स्टोर, मेस, गैस गोदाम, बैरक और पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान मेस में भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की गई। साथ ही पुलिस कर्मियों के शस्त्रों एवं बीट बुक का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारू द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर, क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय, प्रतिसार निरीक्षक मोहम्मद नदीम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






























Comments