मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान: 100% लक्ष्य पूर्ति हेतु सख्त निर्देश, 50 हजार लाभार्थियों के इम्पैक्ट असेसमेंट पर जोर
जनपत की खबर Feb 06, 2026 at 05:18 PM , 111लखनऊ।
दिनांक 06 फरवरी 2026 को इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा बैठक एवं क्षमता वर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता श्री अवनीश अवस्थी, सलाहकार, मा० मुख्यमंत्री तथा श्री आलोक कुमार, अपर मुख्य सचिव, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग द्वारा की गई।
बैठक में श्री के. विजयेन्द्र पांडियन (आयुक्त एवं मिशन निदेशक), श्री राज कमल यादव (प्रबंध निदेशक, UPSIC), श्री सर्वेश्वर शुक्ला (राज्य नोडल अधिकारी), श्री संदीप प्रकाश (DGM, SBI), श्री सुधीर गुप्ता (CGM, इंडियन बैंक) सहित समस्त जनपदों के अपर/संयुक्त आयुक्त उद्योग, उपायुक्त उद्योग, सीएम युवा फेलोज, बैंक नोडल अधिकारी एवं RAMP योजना के अंतर्गत जिला प्रबंधकों ने प्रतिभाग किया।
योजना को मिशन के रूप में लागू करने पर जोर
मिशन निदेशक श्री के. विजयेन्द्र पांडियन ने कहा कि यह केवल एक योजना नहीं, बल्कि रोजगार सृजन का एक मिशन है। उन्होंने बताया कि योजना के प्रारंभ से अब तक लगभग डेढ़ लाख युवाओं को ऋण वितरित किया जा चुका है। उन्होंने 15 मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति के लिए दैनिक कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में योजनान्तर्गत आ रही समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु संयुक्त/उपायुक्त उद्योग को क्षेत्रीय भ्रमण कर गहन समीक्षा करने तथा शेष लक्ष्यों को उपलब्ध समय में विभाजित कर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीएम युवा मोबाइल ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से कम से कम 50,000 लोगों तक पहुंच सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
प्रगति समीक्षा और प्रशिक्षण पर चर्चा
राज्य नोडल अधिकारी द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष अद्यतन प्रगति, लंबित व अस्वीकृत आवेदनों की स्थिति, गुणवत्तापूर्ण आवेदनों में वृद्धि तथा जनपदवार व बैंकवार लक्ष्य पूर्ति की समीक्षा करते हुए आगे के रोडमैप पर विस्तृत चर्चा की गई।
UPSIC के प्रबंध निदेशक श्री राज कमल यादव द्वारा RAMP योजना एवं योजना के नॉलेज पार्टनर समाधान समिति द्वारा अनिवार्य प्रशिक्षण मॉड्यूल से संबंधित पोर्टल संशोधनों का प्रस्तुतीकरण किया गया।
अपर मुख्य सचिव के सख्त निर्देश
अपर मुख्य सचिव श्री आलोक कुमार ने कहा कि यह योजना मा० मुख्यमंत्री की शीर्ष प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने निर्देश दिए कि—
लाभार्थी चयन में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाए
गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए
इनोवेटिव एवं क्वालिटी प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता दी जाए
ऑनलाइन टूल्स का अधिकतम उपयोग किया जाए
उन्होंने जिला स्तर पर फील्ड विजिट, तहसीलवार कैंप एवं नियमित समीक्षा के निर्देश देते हुए कहा कि क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही योजना में मिडिलमैन/दलालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सलाहकार का उद्बोधन
सलाहकार, मा० मुख्यमंत्री श्री अवनीश अवस्थी ने योजना को अत्यंत महत्वाकांक्षी बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी ने स्वयं इस योजना से अपना नाम जोड़ा है, इसलिए सभी अधिकारी गंभीरता और सक्रियता से कार्य करें। उन्होंने अब तक 72 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति पर संतोष व्यक्त करते हुए 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति हेतु प्रोत्साहित किया।
उन्होंने जिला अधिकारियों द्वारा नियमित समीक्षा, योजना में अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी, 50,000 ऋण लाभार्थियों का इम्पैक्ट असेसमेंट, पश्चिमांचल में मंत्री स्तर की बैठक, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सीएम युवा फेलोज की सराहना तथा खराब प्रदर्शन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल माह में समीक्षा बैठक आयोजित करने एवं प्रशिक्षण मॉड्यूल को कर्मयोगी प्लेटफॉर्म से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
द्वितीय सत्र: डिजिटल टूल्स का प्रस्तुतीकरण
द्वितीय सत्र में सीएम युवा मोबाइल ऐप एवं यूपी मार्ट पोर्टल का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें आवेदन से लेकर ऋण वितरण, उद्योग स्थापना के 6 माह बाद सेल्फ वेरिफिकेशन, बैंक, डीआईसी एवं युवा फेलो द्वारा वेरिफिकेशन तथा प्रगति मॉनिटरिंग की प्रक्रिया समझाई गई।
यूपी मार्ट पोर्टल के माध्यम से मशीनरी सप्लायर्स को एक प्लेटफॉर्म पर लाने पर चर्चा की गई। प्रश्नोत्तर सत्र के उपरांत राज्य नोडल अधिकारी श्री सर्वेश्वर शुक्ला द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला का समापन किया गया।
































Comments