वाराणसी में STF मुठभेड़: कॉलोनाइजर महेन्द्र गौतम हत्याकांड का मुख्य आरोपी, एक लाख का इनामी सुपारी किलर बनारसी यादव ढेर
अन्य खबरे Feb 04, 2026 at 04:15 PM , 156वाराणसी।
उत्तर प्रदेश एसटीएफ और कुख्यात अपराधी के बीच वाराणसी में हुई साहसिक मुठभेड़ का अंत एक बड़े अपराधी के खात्मे के रूप में हुआ। थाना सारनाथ क्षेत्र में कॉलोनाइजर महेन्द्र गौतम की हत्या करने वाला एक लाख रुपये का इनामी, कुख्यात सुपारी किलर और गैंग सरगना बनारसी यादव एसटीएफ मुठभेड़ में घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना 03 फरवरी 2026 की रात करीब 11:15 बजे वाराणसी कमिश्नरेट के थाना चौबेपुर क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड शिवो अंडरपास के पास हुई। एसटीएफ उत्तर प्रदेश को इनामी और फरार अपराधियों की सक्रियता को लेकर लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में निरीक्षक अनिल कुमार सिंह एवं निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में एसटीएफ फील्ड यूनिट वाराणसी द्वारा घेराबंदी की गई।
सूचना के आधार पर जब एक बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, तो पीछे बैठे बदमाश ने एसटीएफ टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। बाइक असंतुलित होने पर बदमाश नीचे उतरकर लगातार गोली चलाने लगा, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद बदमाश फायरिंग करता रहा। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ की नियंत्रित फायरिंग में बदमाश घायल हो गया।
घायल बदमाश की पहचान बनारसी यादव पुत्र राजनाथ यादव उर्फ झोटा यादव, निवासी गौरहट, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई। उसे तत्काल पं. दीनदयाल अस्पताल वाराणसी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मौके से बरामदगी:
01 पिस्टल (30 बोर)
01 पिस्टल (32 बोर)
07 जिंदा कारतूस
06 खोखा कारतूस
बनारसी यादव गाजीपुर का हिस्ट्रीशीटर था, जिसके खिलाफ करीब दो दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे। वह हत्या, रंगदारी और सुपारी किलिंग की कई सनसनीखेज वारदातों में शामिल रहा। वर्ष 2025 में वाराणसी के चर्चित कॉलोनाइजर महेन्द्र गौतम की हत्या के बाद से वह फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार मुठभेड़ के दौरान टीम ने उच्चतम न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया। फरार साथी की तलाश जारी है।



























Comments