कैंसर जागरूकता के लिए सत्यार्थ हॉस्पिटल में भव्य वॉक, 200 से अधिक लोगों की भागीदारी

अन्य खबरे , 141

लखनऊ। कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान और मरीजों को समर्थन देने के उद्देश्य से आज सत्यार्थ हॉस्पिटल, कानपुर रोड पर कैंसर अवेयरनेस वॉक का आयोजन किया गया। इस जागरूकता अभियान का आयोजन डॉ. विवेक मल्होत्रा और डॉ. मोनिका मल्होत्रा द्वारा किया गया, जिसमें 200 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों में छात्र, पैरामेडिकल स्टाफ, चिकित्सक एवं आम नागरिक शामिल रहे।
वॉक से पूर्व आयोजित संबोधन में डॉ. विवेक मल्होत्रा (ऑन्कोलॉजिस्ट) ने अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कैंसर से बचाव के लिए तंबाकू का त्याग/कम उपयोग, संतुलित आहार और सक्रिय एवं स्वस्थ जीवनशैली बेहद जरूरी है। उन्होंने जोर दिया कि समय पर जांच और शुरुआती पहचान जीवन बचाती है।
श्री मुकेश सिंह, चेयरमैन, यूपी कोऑर्डिनेशन कमेटी, इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स ने प्रतिभागियों से अपील की कि वे समुदायों को शिक्षित करें, कैंसर के लक्षणों के प्रति जागरूकता बढ़ाएं और नियमित स्क्रीनिंग को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कैंसर सर्वाइवर्स और इलाज से जूझ रहे मरीजों के साहस का उल्लेख करते हुए कहा कि वे अकेले नहीं हैं—समाज और सरकार उनके साथ है।
डॉ. मोनिका मल्होत्रा ने इसे एक वैश्विक आह्वान बताते हुए कहा कि कैंसर के खिलाफ जागरूकता, शिक्षा और सामूहिक प्रयासों को तेज करने की जरूरत है। वहीं, प्रख्यात नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. दीपक दीवान ने कहा कि कैंसर से जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक कलंक को तोड़ना आवश्यक है, क्योंकि यही समय पर इलाज में सबसे बड़ी बाधा बनती हैं।
अभियान में श्री भीषम कुमार मल्होत्रा, श्री देवेश सिंह, श्रीमती निधि सिंह, डॉ. सिद्धार्थ सिंह (यूरोलॉजिस्ट), डॉ. सोनल सिंह (रेडियोलॉजिस्ट), डॉ. अंकुर सिंह (गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट), डॉ. सतेन्द्र पांडेय (एनेस्थेटिस्ट), डॉ. विनय त्रिपाठी (ऑर्थोपेडिक सर्जन) सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।
अंत में डॉ. मोनिका मल्होत्रा ने कहा कि आज के दिन हम केवल दर्शक न बनें, बल्कि बदलाव के सक्रिय समर्थक बनें—शोध का समर्थन करें, संवेदनशील देखभाल को बढ़ावा दें और मिलकर कैंसर के वैश्विक बोझ को कम करने का संकल्प लें।

Related Articles

Comments

Back to Top