आम बजट 2026-27 से यूपी बनेगा विकास, निवेश और रोजगार का राष्ट्रीय इंजन: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

जनपत की खबर , 122

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आम बजट 2026-27 को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों की विकास यात्रा का प्रत्यक्ष लाभ अब देश और प्रदेश के जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने बजट को रिफॉर्म, ग्रोथ और फिस्कल डिसिप्लिन का संतुलित दस्तावेज बताते हुए कहा कि यह नए भारत के निर्माण के साथ-साथ उत्तर प्रदेश को विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह बजट उत्तर प्रदेश को ‘विकसित भारत–2047’ के लक्ष्य की प्राप्ति में अग्रणी भूमिका निभाने में सक्षम बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में किसान, युवा, महिला और गरीब—समाज के हर वर्ग की आकांक्षाओं को ध्यान में रखा गया है। रिफॉर्म, ग्रोथ और फिस्कल डिसिप्लिन का संतुलन भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखता है। देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य के रूप में उत्तर प्रदेश की विकास आवश्यकताओं को यह बजट नई दिशा देता है।
एमएसएमई को नई ताकत, यूपी को सबसे बड़ा लाभ
सीएम योगी ने कहा कि एमएसएमई सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान बजट का सबसे दूरगामी प्रभाव डालने वाला निर्णय है। उत्तर प्रदेश में करीब 96 लाख एमएसएमई इकाइयां हैं, जिनसे लगभग 3 करोड़ लोग प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं। यह प्रावधान ओडीओपी योजना को तकनीक, स्किल, पैकेजिंग और निर्यात से जोड़कर वैश्विक पहचान दिलाने में सहायक होगा।
कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स का राष्ट्रीय हब बनेगा यूपी
मुख्यमंत्री ने बताया कि 12.20 लाख करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर फंड से प्रदेश में कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के चलते उत्तर प्रदेश में देश का सबसे बड़ा लॉजिस्टिक्स हब विकसित हो रहा है, जिससे उद्योग और रोजगार को बड़ा लाभ मिलेगा।
इनलैंड वाटरवे और हाई-स्पीड रेल से बदलेगा परिवहन परिदृश्य
उन्होंने कहा कि वाराणसी–हल्दिया इनलैंड वाटरवे और उसके विस्तार से माल ढुलाई की लागत घटेगी। वहीं, बजट में घोषित 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में से 2 कॉरिडोर उत्तर प्रदेश को मिलने से प्रदेश को विश्वस्तरीय रेल कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।
बायो-फार्मा, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर में बढ़ी यूपी की ताकत
मुख्यमंत्री ने बताया कि ललितपुर में बल्क ड्रग पार्क और गौतम बुद्ध नगर में मेडिकल डिवाइस पार्क से बायो-फार्मा सेक्टर मजबूत होगा। प्रदेश में 22 हजार करोड़ रुपये से अधिक के डेटा सेंटर निवेश के साथ यूपी डिजिटल हब के रूप में उभर रहा है। सेमीकंडक्टर पार्क की घोषणा से भी प्रदेश को सीधा लाभ मिलेगा।
पर्यटन, शहरी विकास और स्वास्थ्य को नई रफ्तार
सीएम योगी ने कहा कि बजट में 15 आर्कियोलॉजिकल साइट्स के विकास का प्रावधान है, जिनमें सारनाथ और हस्तिनापुर शामिल हैं। माघ मेले की रिकॉर्ड सफलता ने प्रदेश की पर्यटन क्षमता को सिद्ध किया है।
उन्होंने बताया कि 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के लिए विशेष शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर, जिला अस्पतालों की क्षमता वृद्धि, हर जनपद में इमरजेंसी व ट्रॉमा सेंटर, और स्वास्थ्य पर्यटन को बढ़ावा देने से आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
डिफेंस और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग में अग्रणी यूपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर के तहत 12–13 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों से हजारों युवाओं को रोजगार मिला है। वहीं देश के 55% मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग और 60% इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट उत्पादन के साथ यूपी इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा केंद्र बन चुका है।
राजनीतिक बयान (बॉक्स):
“पीडीए केवल बहाना, असली लक्ष्य परिवारवाद”—मुख्यमंत्री योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आज पीडीए की बातें कर रहे हैं, उन्होंने सत्ता में रहते हुए गरीब, किसान, युवा और वंचितों की चिंता नहीं की। आज प्रधानमंत्री मोदी पूरे देश को एक परिवार मानकर काम कर रहे हैं। यह बजट नए भारत और नए उत्तर प्रदेश का प्रतिबिंब है—जहां विकास, निवेश, पहचान और आत्मगौरव एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top