सिंगापुर की दिग्गज कंपनी एपी मोलर–माएर्स्क यूपी में निवेश विस्तार को तैयार, मुख्यमंत्री योगी से मुलाकात
जनपत की खबर Feb 02, 2026 at 04:20 PM , 110लखनऊ। सिंगापुर की वैश्विक लॉजिस्टिक्स एवं शिपिंग क्षेत्र की अग्रणी कंपनी एपी मोलर–माएर्स्क के शीर्ष नेतृत्व ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उत्तर प्रदेश में निवेश के विस्तार और नए अवसरों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। कंपनी ने प्रदेश में बेहतर कारोबारी माहौल, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और स्थिर नीतिगत ढांचे की सराहना करते हुए भविष्य में निवेश बढ़ाने की इच्छा जताई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज विदेशी निवेशकों की पहली पसंद बनकर उभरा है। पारदर्शी नीतियां, निवेशक–अनुकूल वातावरण, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था और तेजी से विकसित हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर राज्य को वैश्विक निवेश के लिए आकर्षक बना रहा है।
बैठक के दौरान कंपनी प्रबंधन ने बताया कि एपी मोलर–माएर्स्क पिछले 20 वर्षों से उत्तर प्रदेश में निवेश कर रही है और राज्य के औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स विकास में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कंपनी ने वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स, मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट और सप्लाई चेन से जुड़े क्षेत्रों में नए निवेश अवसरों पर सकारात्मक रुख दिखाया।
मुख्यमंत्री ने कंपनी को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर सुधार कर रही है तथा निवेशकों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है, जिससे माएर्स्क जैसी वैश्विक कंपनियों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
यह मुलाकात उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेश के बढ़ते भरोसे और राज्य की उभरती आर्थिक ताकत को दर्शाती है, जो प्रदेश को देश के सबसे बड़े निवेश गंतव्यों में शामिल करने की दिशा में एक और मजबूत कदम है।































Comments